Azamgarh News:बच्चों में सही अंतराल से स्वस्थ होगी मां, खुशहाल होगा परिवार : सीएमओ*

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय

*बच्चों में सही अंतराल से स्वस्थ होगी मां, खुशहाल होगा परिवार : सीएमओ*

आजमगढ़ 10 जुलाई 2026

11 से 18 जुलाई तक चलेगा विश्व जनसंख्या दिवस अभियान, सरकारी स्वास्थ्य इकाइयों पर निःशुल्क मिलेंगी परिवार नियोजन सेवाएं

आजमगढ़। बढ़ती जनसंख्या का सवाल केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध परिवार की आर्थिक स्थिति, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से है। ऐसे में जिम्मेदार परिवार और बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतराल स्वस्थ समाज की मजबूत नींव बन सकता है।

विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जनपद में 11 से 18 जुलाई तक विशेष विश्व जनसंख्या दिवस अभियान चलाया जाएगा। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने जनपदवासियों, विशेषकर नवविवाहित एवं युवा दंपतियों से जिम्मेदारी के साथ परिवार नियोजन अपनाने और बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतराल रखने की अपील की है।

सीएमओ ने बताया कि इस वर्ष अभियान की मुख्य थीम “मां और बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य तथा अनचाहे गर्भ से बचाव के लिए गर्भधारण का सही समय और बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतराल” निर्धारित की गई है। वहीं अभियान का स्लोगन “जब बच्चों में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल” है।

डॉ. वर्मा ने कहा कि दो बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतराल रखने से मां को पुनः स्वस्थ होने के लिए पर्याप्त समय मिलता है और बच्चे को बेहतर पोषण एवं देखभाल मिलती है। उन्होंने नवविवाहित एवं युवा दंपतियों से अपील की कि वे सामाजिक दबाव के बजाय अपनी आर्थिक स्थिति, स्वास्थ्य और भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखकर परिवार बढ़ाने का निर्णय लें। परिवार नियोजन केवल महिलाओं की जिम्मेदारी नहीं है, इसमें पुरुषों की बराबर भागीदारी भी आवश्यक है।

एडिशनल सीएमओ एवं आरसीएच नोडल अधिकारी डॉ. उमाशरण पांडेय ने बताया कि सही जानकारी का अभाव और परिवार नियोजन साधनों को लेकर प्रचलित भ्रांतियां आज भी बड़ी चुनौती हैं। अभियान के दौरान जनपद के प्रत्येक ब्लॉक, चिकित्सालय और जिला मुख्यालय स्तर पर आईयूसीडी इन्सर्शन (प्रसव पश्चात एवं अंतराल), गर्भनिरोधक गोलियां, इंजेक्टेबल गर्भनिरोधक एमपीए (अंतरा) तथा महिला एवं पुरुष नसबंदी जैसी सेवाएं प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा पूर्ण गोपनीयता के साथ निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही सभी उपकेंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों तक कंडोम बॉक्स की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

उन्होंने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से योग्य दंपतियों को ‘बास्केट ऑफ च्वॉइस’ यानी परिवार नियोजन के विभिन्न उपलब्ध विकल्पों के बारे में प्रभावी परामर्श दिया जा रहा है, ताकि प्रत्येक दंपति अपनी आवश्यकता और स्वास्थ्य के अनुरूप उचित साधन चुन सके। युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के लिए इंटरमीडिएट एवं डिग्री कॉलेजों में वाद-विवाद प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

सीएमओ डॉ. एन. आर. वर्मा ने जनपदवासियों से अपील की कि परिवार नियोजन जैसे महत्वपूर्ण विषय पर परिवार में खुलकर संवाद करें और किसी भी प्रकार की भ्रांति या संकोच के बजाय नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र, एएनएम अथवा आशा कार्यकर्ता से संपर्क कर सही जानकारी प्राप्त करें और अपनी आवश्यकता के अनुरूप उपयुक्त साधन का चुनाव करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button