Azamgarh News:श्रेया यादव ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, यूपीएसआई परीक्षा में सफलता से गांव में खुशी की लहर

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय
श्रेया यादव ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, यूपीएसआई परीक्षा में सफलता से गांव में खुशी की लहर
बूढ़नपुर (आजमगढ़)। थाना कप्तानगंज क्षेत्र के देऊरपुर सराय गांव निवासी पूर्व बीडीसी अखिलेश यादव की बड़ी पुत्री श्रेया यादव ने उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (UPSI) भर्ती परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अपने परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। श्रेया की इस उपलब्धि से गांव में खुशी का माहौल है और परिजनों के साथ-साथ क्षेत्रवासियों में हर्ष व्याप्त है।
श्रेया शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। बचपन से ही उनका सपना पुलिस विभाग में सेवा कर समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का था। उन्होंने 15 मार्च 2026 को आयोजित यूपीएसआई भर्ती परीक्षा में हिस्सा लिया था, जिसका परिणाम 14 जुलाई 2026 को घोषित किया गया। परिणाम घोषित होते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई और शुभचिंतकों ने मिठाई खिलाकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया।
अपनी सफलता पर श्रेया ने कहा कि वह पुलिस की वर्दी पहनकर पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कानून की रक्षा करने तथा समाज की सेवा करने का संकल्प रखती हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवारजनों और शिक्षकों के मार्गदर्शन के साथ-साथ नियमित अध्ययन, कठिन परिश्रम और अनुशासित तैयारी को दिया।
श्रेया की माता सीमा यादव एक निजी शिक्षण संस्थान में प्रिंसिपल हैं, जबकि उनके पिता अखिलेश यादव किसान हैं। बेटी की सफलता से पूरा परिवार गौरवान्वित है और गांव में बधाइयों का तांता लगा हुआ है।
श्रेया को बधाई देने वालों में अभिषेक यादव, दिव्या यादव, जवाहर यादव, अंश यादव, अमन यादव, आदित्य यादव, राम हिन्द वर्मा, चंद्रशेखर यादव, बृजराज यादव, पूर्व प्रधानाचार्य जयराम यादव, निरहू यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शुभचिंतक शामिल रहे।
ग्रामीणों ने कहा कि श्रेया यादव की यह सफलता क्षेत्र की बेटियों के लिए एक प्रेरणा है और यह साबित करती है कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।



