Azamgarh News: स्कूली वाहनों पर ए आरटीओ का शिकंजा 11 गाड़ियों में चार सीज बाकी का हुआ चालान
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
स्कूली वाहनों पर एआरटीओ का शिकंजा, 11 वाहनों का चालान, चार वाहन सीज
आजमगढ़ जनपद में स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) अतुल यादव के नेतृत्व में शुक्रवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में संचालित स्कूल वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस और अन्य आवश्यक मानकों की गहन जांच की गई। चेकिंग के दौरान कुल 11 स्कूली वाहनों का चालान किया गया। वहीं गंभीर अनियमितताएं मिलने पर तीन स्कूली वाहनों को जीयनपुर कोतवाली तथा एक स्कूली वाहन को मुबारकपुर थाने में सीज कर दिया गया। जांच में कई वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र समाप्त मिले, जबकि कुछ वाहनों के बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज अधूरे या अमान्य पाए गए। निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।एआरटीओ अतुल यादव ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी कीमत पर मानकों की अनदेखी करने वाले स्कूली वाहनों को सड़क पर चलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्कूल प्रबंधनों और वाहन संचालकों से सभी आवश्यक दस्तावेज एवं सुरक्षा मानकों को दुरुस्त रखने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे विशेष चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।



