Azamgarh news :जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में तहसील मेंहनगर में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस

जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में तहसील मेंहनगर में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस

पैमाइश के बाद खूंटा उखाड़ने वाले दबंगों पर की जाए कड़ी कार्रवाई- जिलाधिकारी

आमजन की शिकायतों के निस्तारण में पुलिस एवं राजस्व विभाग बेहतर समन्वय के साथ करें कार्य – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से तहसील मेंहनगर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसके साथ ही जनपद की अन्य तहसीलों में भी नामित अधिकारियों की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित कर आमजन की शिकायतें सुनी गईं तथा उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक मामले राजस्व विभाग से संबंधित हैं, इसलिए राजस्व अधिकारी व पुलिस के अधिकारी विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक प्रकरण की निष्पक्ष जांच करें तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित करें, जिससे शिकायतकर्ता को बार-बार शिकायत न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिन मामलों में भूमि विवाद सिविल न्यायालय में विचाराधीन हैं, उनमें राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर दोनों पक्षों को शांत कराए तथा स्पष्ट संयुक्त आख्या प्रस्तुत करे कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि न्यायालय में लंबित मामलों में अनावश्यक तनाव या विवाद की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए तथा कानून-व्यवस्था हर हाल में बनी रहनी चाहिए। उन्होंने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायतों को अत्यंत गंभीर बताते हुए निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में तत्काल मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जा हटवाया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने भूमि विवादों के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश देते हुए कहा कि नियमानुसार पैमाइश कराकर सीमांकन कराया जाए, खूंटा गाड़कर वास्तविक पात्र व्यक्ति को कब्जा दिलाया जाए तथा यदि कोई दबंग व्यक्ति पैमाइश के बाद खूंटा उखाड़ता है अथवा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करता है तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी लेखपालों को निर्देशित किया कि राजस्व संबंधी मामलों में समयबद्ध एवं निष्पक्ष आख्या उपलब्ध कराएं, ताकि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जा सके। साथ ही सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय स्थापित कर प्रत्येक शिकायत का स्थायी समाधान सुनिश्चित करें और शासन की मंशा के अनुरूप जनसंतुष्टि को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि शिकायतों का सही एवं प्रभावी निस्तारण प्रारंभिक स्तर पर ही कर दिया जाए तो शिकायतकर्ता को बार-बार अधिकारियों के पास आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगा। उन्होंने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को बेहतर समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से कार्य करने के निर्देश दिए, जिससे भूमि विवादों एवं अन्य संवेदनशील मामलों का समय रहते समाधान हो सके।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मेड़बंदी तोड़ने, जबरन कब्जा करने अथवा कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध ऐसी प्रभावी कार्रवाई की जाए कि वह दूसरों के लिए भी नजीर बने। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित अधिकारी प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई करेंगे तो शिकायतों की संख्या स्वतः कम हो जाएगी तथा आमजन का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत होगा।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 208 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 04 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 204 शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा, परियोजना निदेशक सच्चिदानंद, उपजिलाधिकारी मेंहनगर भूपाल सिंह, तहसीलदार विवेकानन्द दूबे सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button