Azamgarh news:त्रिवेणी मोड़ के पास बारीश व गड्ढों के कारण अनियंत्रित हुई कार, स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

Azamgarh news: Due to rain and potholes, a car went out of control near Triveni turn; local people and police took the injured to the hospital.

बरदह/आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-128ए पर रविवार रात लगभग 10:00 बजे कार डिवाइडर से टकराकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि तीन घायलों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, फाफामऊ से गोरखपुर जा रही अर्टिका कार में पांच लोग सवार थे। रविवार रात करीब 10 बजे वाहन त्रिवेणी मोड़ से पहले बनवासी बस्ती के समीप पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर गड्ढों और बारिश के कारण कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई, फिर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हालांकि पलटने के बाद वाहन सीधा हो गया।

हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। बरदह पुलिस ने तत्काल पहुंचकर सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरदह पहुंचाया।

घायलों में अनुज सिंह (32) पुत्र शालिकराम सिंह तथा आदर्श सिंह (28) पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी फाफामऊ, को गंभीर चोटें आने के कारण हायर सेंटर रेफर किया गया। जबकि अन्य तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।स्थानीय लोगों का कहना है कि त्रिवेणी मोड़ के आसपास सड़क पर गड्ढे और बिखरी गिट्टी के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से शीघ्र सड़क की मरम्मत कराने और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने की मांग की है। थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि दो घायलों को रेफर कर दिया गया है तीन को घर पहुंचा दिया गया है बाकी पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button