जबलपुर:हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया लोहे का सामान, मां-बेटे की दर्दनाक मौत, 12 वर्षीय भतीजा गंभीर
Jabalpur: Iron material came in contact with high tension line, painful death of mother and son, 12-year-old nephew is serious.
जबलपुर, के गोरखपुर थाना क्षेत्र के रामपुर मांडवा बस्ती में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। घर की छत पर लोहे का पुराना सामान रखते समय ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आने से मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय भतीजा गंभीर रूप से झुलस गया। मृतकों की पहचान सीता राजपूत (55) और उनके बेटे किशन राजपूत (23) के रूप में हुई है। हादसे में बाबू उर्फ रियान राजपूत (12) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में चीख-पुकार मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, पुलिस जांच में जुटी। सीएसपी महादेव प्रसाद की जानकारी के अनुसार, छत पर लोहे का सामान रखते समय वह हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे तीनों करंट की चपेट में आ गए। हादसे में सीता और किशन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल बालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही गोरखपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मां-बेटे की एक साथ मौत से परिवार में मातम पसरा है। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



