Azamgarh News:गुरु पूर्णिमा पर रजादेपुर मठ में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, शिवसागर भारती महाराज से आशीर्वाद लेने पहुंचे हजारों श्रद्धालु

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय

गुरु पूर्णिमा पर रजादेपुर मठ में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, शिवसागर भारती महाराज से आशीर्वाद लेने पहुंचे हजारों श्रद्धालु

सगड़ी (आजमगढ़)। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को सगड़ी तहसील क्षेत्र के प्रसिद्ध रजादेपुर मठ में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। मठ के पीठाधीश्वर शिवसागर भारती महाराज के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए दूर-दराज से हजारों की संख्या में शिष्य एवं श्रद्धालु पहुंचे। पूरे दिन मठ परिसर भक्तों की भारी भीड़ से गुलजार रहा।
गुरु महाराज के निर्देशन में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जल, जलपान, प्रसाद तथा भोजन की समुचित व्यवस्था की गई थी। मठ में आने वाले सभी शिष्यों का स्वागत सम्मानपूर्वक किया गया। श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज का पूजन-अर्चन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और अपने परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की।
इस अवसर पर मठ परिसर में धार्मिक एवं साहित्यिक संगीत का भी विशेष आयोजन किया गया। भक्ति गीतों और गुरु महिमा से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने समाधि स्थल, श्रीराम-जानकी मंदिर एवं भगवान शंकर के मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर प्रसाद अर्पित किया तथा गुरु महाराज का आशीर्वाद लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान किया।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोक एवं भक्ति गायक सोमनाथ राजभर एवं उनकी मंडली ने अपने मधुर भक्ति संगीत से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उनकी प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु देर तक मंत्रमुग्ध होकर झूमते रहे। उपस्थित लोगों ने उनके गायन की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि उनकी आवाज में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत समावेश है।
श्रद्धालुओं का मानना है कि रजादेपुर मठ अत्यंत श्रद्धा और आस्था का केंद्र है तथा यहां सच्चे मन से दर्शन-पूजन और प्रार्थना करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित यह भव्य कार्यक्रम श्रद्धा, सेवा, भक्ति और भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा का जीवंत उदाहरण बन गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button