आजमगढ़:टोल प्लाजा का बैरियर तोड़कर भागने वाले गोतस्कर को पुलिस ने मुठभेड़ में किया गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
Azamgarh: Police arrested a cattle smuggler who escaped after breaking the toll plaza barrier, he was shot in the leg.

अतरौलिया (आजमगढ़)। थाना अतरौलिया पुलिस ने गोतस्करी के एक मामले में वांछित बदमाश को शुक्रवार तड़के मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। घायल आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई को अचलीपुर अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया था। चालक वाहन लेकर भाग निकला और पूर्वांचल गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा का बैरियर तोड़ते हुए गोपालीपट्टी नहर के पास वाहन छोड़कर दो साथियों सहित फरार हो गया था। पिकअप से पांच गोवंशीय पशु और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ था। इस मामले में गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना में संतोष यादव, संतोष सरोज और शमीम के नाम प्रकाश में आए थे।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार सुबह करीब 4:20 बजे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर सुखीपुर के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में संतोष यादव (24) निवासी समस्तीपुर, थाना जहानागंज के दाहिने पैर में गोली लग गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए।मौके से पुलिस ने एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की। इस संबंध में थाना अतरौलिया में बीएनएस की धारा 109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं 3/25/27 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी संतोष यादव हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध गैंगस्टर, लूट, गोवध, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट सहित करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। फरार दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।



