Azamgarh News:आईएमए आजमगढ़ की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण संपन्न,
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
आईएमए आजमगढ़ की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण संपन्न,
चिकित्सकों ने मरीजों की सेवा, संगठन की एकजुटता और मानवीय चिकित्सा का लिया संकल्प
आजमगढ़ जनपद में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) आजमगढ़ की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण एवं पदस्थापना समारोह शनिवार को शहर के ग्रैंड एसआर होटल में गरिमामय एवं भव्य वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में वरिष्ठ चिकित्सकों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आजमगढ़ के सांसद धर्मेंद्र यादव रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा एवं राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं सुपर फैसिलिटी हॉस्पिटल, आजमगढ़ के प्राचार्य डॉ. वी.डी. सिंह उपस्थित रहे। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष हवलदार यादव तथा वरिष्ठ नेता विजय यादव भी समारोह में शामिल हुए।
समारोह में आईएमए के नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. डी.पी. राय, मानद सचिव डॉ. रजनी तिवारी एवं कोषाध्यक्ष डॉ. फरहान अहमद सहित नई कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के दौरान चिकित्सकों ने चिकित्सा सेवा की गरिमा बनाए रखने, मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि सांसद धर्मेंद्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि डॉक्टर केवल एक पेशा नहीं बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा का माध्यम हैं। मरीज जब अस्पताल पहुंचता है तो वह केवल दवा ही नहीं, बल्कि चिकित्सक से विश्वास, संवेदना और आशा भी चाहता है। उन्होंने कहा कि समाज के स्वस्थ भविष्य के निर्माण में चिकित्सकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और आईएमए जैसे संगठन चिकित्सा जगत को नई दिशा देने का कार्य करते हैं।
विशिष्ट अतिथि सीएमओ डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि चिकित्सक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ मरीजों के प्रति मानवीय व्यवहार और सेवा भावना ही एक अच्छे डॉक्टर की सबसे बड़ी पहचान होती है। उन्होंने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए जनहित में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामय संचालन वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुभाष सिंह ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आईएमए केवल चिकित्सकों का संगठन नहीं, बल्कि समाज और मरीजों के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी है। उन्होंने कहा कि मरीज के लिए डॉक्टर भगवान का दूसरा रूप माना जाता है और डॉक्टर का प्रथम कर्तव्य केवल रोग का उपचार करना ही नहीं, बल्कि मरीज को आत्मविश्वास, संवेदना और सम्मान देना भी है। उन्होंने कहा कि यदि डॉक्टर और मरीज के बीच विश्वास मजबूत रहेगा तो स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक प्रभावी होंगी। साथ ही उन्होंने सभी चिकित्सकों से संगठन की एकजुटता बनाए रखते हुए चिकित्सा सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा जनहित में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह में पूर्व सीएमओ डॉ. ए.के. मिश्रा, डॉ. जे.पी. सिंह, डॉ. विनय सिंह, डॉ. सुभाष सिंह, डॉ. अभिषेक सिंह, डॉ. जावेद, डॉ. आर.वी. त्रिपाठी, डॉ. मनीष त्रिपाठी, डॉ. रजनी त्रिपाठी, डॉ. फुरकान अहमद, डॉ. अशोक सिंह, डॉ. शौर्य विक्रम सिंह, डॉ. आर.डी. सिंह, डॉ. सी.के. त्यागी, डॉ. मधुलिका त्यागी, डॉ. विपिन यादव, डॉ. स्वास्ती सिंह, डॉ. अर्चना मैसी, डॉ. ए.के. राय सहित जनपद के अनेक वरिष्ठ एवं युवा चिकित्सक उपस्थित रहे।



