विवेचना के दौरान बढ़ी नजदीकियां,सब-इंस्पेक्टर पर शादी का झांसा देकर शोषण का आरोप

Lucknow: Sub-inspector suspended for raping woman on pretext of marriage, FIR registered

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना थाने में तैनात रहे सब-इंस्पेक्टर धर्मवीर शाही के खिलाफ एक बीएड छात्रा ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पुलिसकर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर ने बताया कि मामले की जांच एसीपी कैंट को सौंपी गई है। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुराने मुकदमे की विवेचना के दौरान हुई पहचान

पीड़िता के अनुसार, उसने पहले बस्ती निवासी एक युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का मुकदमा दर्ज कराया था। यह मामला जीरो एफआईआर के माध्यम से आशियाना थाने पहुंचा था, जिसकी विवेचना तत्कालीन एसएसआई धर्मवीर शाही कर रहे थे।आरोप है कि विवेचना के दौरान धर्मवीर शाही ने उससे लगातार संपर्क बनाए रखा और बाद में अशोभनीय बातचीत शुरू कर दी। शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उससे कहा कि यदि वह उससे संबंध बनाएगी तो उसका मेडिकल परीक्षण उसके पक्ष में कराया जाएगा।

वाराणसी यात्रा के दौरान शादीशुदा होने की जानकारी मिली

छात्रा का कहना है कि करीब डेढ़ महीने पहले वह आरोपी के साथ वाराणसी गई थी, जहां उसे पता चला कि धर्मवीर शाही पहले से शादीशुदा हैं। इसके बाद जब उसने शादी की बात की तो आरोपी कथित रूप से टालमटोल करने लगा।पीड़िता ने आरोप लगाया है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और अपमानजनक व्यवहार किया। साथ ही यह भी धमकी दी कि उसकी पहुंच वरिष्ठ अधिकारियों तक है, इसलिए उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो सकेगी।

थाने बुलाकर मारपीट और मोबाइल छीनने का आरोप

शिकायत में कहा गया है कि 30 जुलाई की रात उसे आशियाना थाने बुलाया गया, जहां आरोपी सब-इंस्पेक्टर और उसके दो साथियों ने उसके साथ मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया, ताकि उसमें मौजूद चैट, फोटो, वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को नष्ट किया जा सके। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।

एफआईआर दर्ज, जांच जारी

पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी सब-इंस्पेक्टर धर्मवीर शाही के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों सहित सभी उपलब्ध सबूतों की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button