Azamgarh news:अंतरराज्यीय टप्पेबाज गैंग का सरगना पुलिस मुठभेड़ में घायल, चार साथी गिरफ्तार
Azamgarh news: Inter-state pickpocket gang leader injured in police encounter, four accomplices arrested

आजमगढ़, 4 अगस्त(आर एन एस)सिधारी थाना पुलिस ने मंगलवार सुबह मुठभेड़ के बाद कई जनपदों में ठगी और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय टप्पेबाज गैंग के सरगना को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके चार अन्य साथियों को भी मौके से दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी, एक चारपहिया वाहन तथा ठगी से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह अपनी टीम के साथ छतवारा चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि दवा बेचने की आड़ में ठगी करने वाला गिरोह मारुति-800 कार से खेमऊपुर होते हुए आजमगढ़ की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने खेमऊपुर रोड स्थित नहर पुलिया पर घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा।पुलिस के पीछा करने पर वाहन सवार बाहर निकलकर भागने लगे। इस दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बाद आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जबकि उसके चार साथियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।घायल आरोपी की पहचान ध्यान सिंह (34) निवासी वाकरपुर अटायन, थाना भोजपुर, जनपद मुरादाबाद के रूप में हुई। उसके पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, तीन हजार रुपये, आधार कार्ड तथा विभिन्न दवाखानों के 12 विजिटिंग कार्ड बरामद हुए।गिरफ्तार अन्य आरोपियों में छत्रपाल (42) निवासी गदरपुर, उधम सिंह नगर (उत्तराखंड), कुलदीप (35), राजा (20) तथा सरिता सिंह (34), सभी निवासी मुरादाबाद शामिल हैं।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दवा बेचने के बहाने गांव-शहर में घूमकर लोगों को यौन रोग एवं कमजोरी का डर दिखाकर नकली दवाएं ऊंचे दामों पर बेचते थे। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि 2 अगस्त को पवई क्षेत्र की एक दुकान से करीब पांच हजार रुपये की चोरी की थी।पुलिस ने इस मामले में थाना सिधारी में मुकदमा संख्या 324/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं एवं आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार गैंग के सरगना ध्यान सिंह के विरुद्ध लखनऊ और आजमगढ़ में धोखाधड़ी, जालसाजी एवं अन्य आपराधिक मामलों के तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपियों का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है।



