Azamgarh News:गलत इलाज से नवजात का काटना पड़ा हाथ, तीन झोलाछाप के खिलाफ मुकदमा दर्ज

आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय

गलत इलाज से नवजात का काटना पड़ा हाथ, तीन झोलाछाप के खिलाफ मुकदमा दर्ज

आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। नवजात शिशु के कथित गलत इलाज के कारण उसकी जान बचाने के लिए उसका हाथ काटना पड़ गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने तीन झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार अहरौला थाना क्षेत्र के बनाखुर्द गांव निवासी चंद्रकेश यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि 14 जून को उनकी पत्नी साधना यादव को प्रसव पीड़ा होने पर कप्तानगंज स्थित स्टेट बैंक के सामने संचालित सुरक्षा पॉली क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि प्रसव के दौरान नवजात का इलाज लापरवाही और गलत तरीके से किया गया, जिससे उसके हाथ में गंभीर संक्रमण और जटिलता उत्पन्न हो गई।

परिजनों का कहना है कि बाद में जब नवजात को दूसरे अस्पताल में दिखाया गया तो चिकित्सकों ने बताया कि जन्म के समय हुए गलत उपचार के कारण स्थिति अत्यंत गंभीर हो चुकी है। बच्चे की जान बचाने के लिए उसका हाथ काटना ही एकमात्र विकल्प बचा था। मजबूर होकर परिजनों को नवजात का हाथ कटवाना पड़ा।

इस घटना के बाद पीड़ित पिता ने संबंधित झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर दी। शिकायत के आधार पर कप्तानगंज पुलिस ने तीन आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।

कप्तानगंज थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने जिले में झोलाछाप चिकित्सकों की कार्यप्रणाली और निजी क्लीनिकों की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भी ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई और अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के विरुद्ध अभियान चलाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button