Azamgarh News:स्वतंत्रता दिवस पर तरवां क्षेत्र को बड़ी सौगात, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी चंद्रदीप सिंह के नाम से शुरू हुई परिवहन सेवा

आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय

स्वतंत्रता दिवस पर तरवां क्षेत्र को बड़ी सौगात, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी चंद्रदीप सिंह के नाम से शुरू हुई परिवहन सेवा

भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने हरी झंडी दिखाकर बस को किया रवाना, तरवां से प्रयागराज तक सीधे सफर की मिली सुविधा

आजमगढ़ जनपद के तरवां बाजार से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को तरवां क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात मिली। परिवहन निगम के अधिकारियों द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय चंद्रदीप सिंह के नाम पर परिवहन बस सेवा शुरू की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। नई बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।यह बस सेवा प्रतिदिन सुबह 7 बजे तरवां बाजार से रवाना होकर परमानपुर, कबूतरा, खरिहानी, सिंहपुर, चक्रपानपुर, सुम्भी और छतवारा होते हुए सुबह करीब 8:30 बजे आजमगढ़ पहुंचेगी। इसके बाद आजमगढ़ डिपो से प्रयागराज के लिए रवाना होगी और दोपहर करीब 2 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।

वापसी में बस दोपहर 3:15 बजे प्रयागराज से चलकर रात करीब 8:15 बजे आजमगढ़ डिपो पहुंचेगी। इसके बाद रात 8:30 बजे आजमगढ़ से रवाना होकर करीब 10 बजे तरवा पहुंचेगी, जहां बस का रात्रि विश्राम होगा। अगले दिन पुनः इसी निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार बस का संचालन किया जाएगा।

बस सेवा के शुभारंभ के दौरान परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आजमगढ़ डिपो अजय कुमार सिंह एवं सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अंबेडकर डिपो कुंवर हरिओम श्रीवास्तव मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि इस बस सेवा से तरवा एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों को प्रयागराज जाने के लिए सीधे और बेहतर परिवहन की सुविधा मिलेगी। यह सेवा क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगी।

कार्यक्रम में प्रभाकर सिंह, सतीश चंद्र सिंह, बृजेश सिंह, मिलिंद सिंह, ओमकार यादव, शमीम अहमद, हरेंद्र यादव, अजय कुमार यादव, रामपाल सिंह, संजय राम, रामाश्रय राजभर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

बस सेवा शुरू होने के साथ ही क्षेत्रवासियों को जहां प्रयागराज के लिए सीधा सफर मिल गया, वहीं स्वतंत्रता दिवस पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के नाम को सम्मान मिलने से लोगों ने इसे देशभक्ति, जनभावना और क्षेत्रीय सुविधा का अनूठा संगम बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button