Azamgarh News:इंजेक्शन लगने के बाद मासूम की मौत परिजनों का हंगामा
इंजेक्शन लगने के बाद मासूम की मौत परिजनों का हंगामा
पुलिस सीसीटीवी कैमरे की जांच कर रही है
रानी की सराय
थाना क्षेत्र के ईश्वरपुर स्थित गुड हेल्थ अस्पताल में मंगलवार को उपचार के दौरान तीन माह के बालक की मौत हो गई। मासूम की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। परिजनों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के निवासी अरुण पाल के अनुसार, मंगलवार सुबह उनके तीन माह के भतीजे की अचानक तबीयत खराब हो गई। बच्चा लगातार रो रहा था, जिसके बाद परिजन उसे ईश्वरपुर मुख्य मार्ग स्थित गुड हेल्थ अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में उपचार के दौरान बच्चे को चार इंजेक्शन लगाए गए। इसके कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
मासूम की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों और अस्पताल कर्मियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल कर्मियों ने शुरुआत में इंजेक्शन लगाए जाने से इनकार किया, जबकि अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में बच्चे को इंजेक्शन लगाए जाने की बात सामने आई। पुलिस ने मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिजन जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। पुलिस के उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
परिजनों के मुताबिक, मृत बालक का मूल घर चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के रायपुर गांव में है। उसकी मां अनुपमा अपने मायके हरिकिशुनपुर में रह रही थी। बताया गया कि करीब तीन माह सात दिन पूर्व इसी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद बालक का जन्म हुआ था। जन्म के बाद करीब दो महीने तक उसे अस्पताल के आईसीयू में रखा गया था। परिजनों का दावा है कि उसके उपचार में करीब चार लाख रुपये खर्च हुए थे। बालक के पिता अतुल पाल मुंबई में काम करते हैं।
मासूम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस ने परिजनों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।



