Azamgarh News:मुख्यमंत्री की प्राथमिकता पर उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने किया कस्तूरबा विद्यालय का किया गहन निरीक्षण*
*मुख्यमंत्री की प्राथमिकता पर उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने किया कस्तूरबा विद्यालय का किया गहन निरीक्षण*
*ठेकमा, आजमगढ़।* सरकार की प्राथमिकताओं को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से मंगलवार को लालगंज उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले बिंदुओं पर हुई वर्चुअल मीटिंग और जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में किया गया।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने सबसे पहले क्लासरूम में पहुंचकर छात्राओं से पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। शिक्षकों की उपस्थिति रजिस्टर खंगाला और पढ़ाई में प्रयोग होने वाले मैनुअल व डिजिटल उपकरणों की उपलब्धता जांची। उन्होंने छात्राओं से सीधे संवाद कर पढ़ाई और भोजन की गुणवत्ता के बारे में फीडबैक भी लिया।
आवासीय व्यवस्था का जायजा लेते हुए उपजिलाधिकारी ने छात्राओं के रहने की क्षमता, साफ-सफाई, स्वच्छता और पेयजल की व्यवस्था देखी। रसोई में जाकर बन रहे भोजन की गुणवत्ता परखी और रसोइया से मेन्यू के बारे में पूछताछ की। विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को परखते हुए चौकीदार और वार्डन की ड्यूटी, रात्रि गश्त व सीसीटीवी की स्थिति भी जांची। इसके साथ ही शौचालय व स्नानघर की साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी लालगंज भी उपस्थित रहे। उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्राओं की शिक्षा और सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कमियों को तत्काल दुरुस्त कर छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक और आवासीय माहौल उपलब्ध कराया जाए।



