Azamgarh news:संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, जहरीले जंतु के काटने की आशंका
Azamgarh news: Young man dies under suspicious circumstances, suspected to be bitten by a poisonous animal

अतरौलिया/आजमगढ़:संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, जहरीले जंतु के काटने की आशंका।खेत से लौटने के बाद बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण। स्थानीय थाना क्षेत्र के कनैला गांव निवासी 42 वर्षीय फूलचंद पुत्र बेचन राम की बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। खेत से घर लौटने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें आनन-फानन में अतरौलिया स्थित 100 शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने खेत में किसी जहरीले जंतु के काटने की आशंका जताई है।जानकारी के अनुसार फूलचंद बुधवार सुबह करीब आठ बजे अपने खेत में गए थे। कुछ देर बाद घर लौटने पर उन्हें घबराहट महसूस होने लगी और सांस लेने में भी परेशानी होने लगी। हालत बिगड़ती देख परिजन तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक के पुत्र अर्पित और अन्य परिजनों ने आशंका जताई कि खेत में काम करने के दौरान किसी जहरीले जंतु ने उन्हें काट लिया होगा।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि तहरीर प्राप्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।फूलचंद मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के दो पुत्र अर्पित व अर्जित और दो पुत्रियां निशा व नीलू हैं। पत्नी सूर्यकीर्ति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों का कहना है कि फूलचंद ही मजदूरी कर घर का खर्च चलाते थे। उनकी असमय मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।



