Azamgarh News:शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर उप निरीक्षक संजय सिंह निलंबित, हिस्ट्रीशीटर प्रकरण का भी रहा आरोप
शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर उप निरीक्षक संजय सिंह निलंबित, हिस्ट्रीशीटर प्रकरण का भी रहा आरोप
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय की रिपोर्ट।
आजमगढ़ जनपद के थाना गंभीरपुर में तैनात उप निरीक्षक संजय सिंह के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस विभाग में लापरवाही और अनुशासनहीनता के प्रति वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की सख्त कार्यशैली का उदाहरण मानी जा रही है।पुलिस के अनुसार, उप निरीक्षक संजय सिंह पर थाना स्तर पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों का समय से निस्तारण नहीं करने, पीड़ितों की शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं करने, कार्य सरकार में रुचि नहीं लेने तथा अपने पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही एवं अकर्मण्यता बरतने के आरोप प्रथम दृष्टया सामने आए हैं।इसके अलावा, उप निरीक्षक संजय सिंह पर एक हिस्ट्रीशीटर के थाने से भाग निकलने के मामले में भी लापरवाही का आरोप लगाया गया था। इस प्रकरण समेत अन्य शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने 21 अगस्त 2026 को निलंबन की कार्रवाई की और विभागीय जांच के आदेश दिए।एसएसपी डॉ. अनिल कुमार की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में स्पष्ट संदेश गया है कि आम जनता की शिकायतों की अनदेखी, ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्रवाई को लेकर पुलिस कर्मियों में भी जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संदेश गया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। माना जा रहा है कि इस तरह की सख्ती से पुलिस कर्मियों में जवाबदेही बढ़ेगी और पीड़ितों की शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के साथ कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।एसएसपी ने सभी पुलिस कर्मियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही अथवा अनुशासनहीनता सामने आने पर दोषी कर्मियों के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।



