आजमगढ़ में रुपयों की लालच में हत्या! चोरी करते पकड़े जाने पर अकबरी का पड़ोसी बबिता ने गला रेता, गिरफ्तार
Murder for money in Azamgarh! Akbari's neighbor, Babita, slit his throat after being caught stealing; arrested.

आजमगढ़ 22 अगस्त : बरदह थाना क्षेत्र में चोरी करते पकड़े जाने पर महिला की गला रेतकर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल 22 वर्षीय युवती बबिता गोंड को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, ग्राम बरदह निवासी अकबरी अपने दो बच्चों के साथ घर पर रहती थी।
उसका पति ताहिर और बड़ा बेटा समीर मुंबई में रहते हैं। 20 अगस्त को पड़ोसी से सूचना मिलने पर परिजन घर पहुंचे, जहां अकबरी मृत अवस्था में मिली। प्रथम दृष्टया उसकी गला रेतकर हत्या किए जाने की बात सामने आई। मामले में थाना बरदह पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।पुलिस की जांच में मृतका के घर लगातार आने-जाने वाली एक 22 वर्षीय युवती पर संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान उसके बयानों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में बबिता गोंड ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।पुलिस के अनुसार, आरोपी युवती को जानकारी थी कि अकबरी अपने घर में रुपये रखती है। 20 अगस्त को वह चोरी की नीयत से अकबरी के घर पहुंची और कमरे में रखे रुपये निकालने लगी। इसी दौरान अकबरी ने उसे चोरी करते देख लिया। विरोध करने पर दोनों के बीच हाथापाई हुई। बाल खींचने के दौरान अकबरी चारपाई के पाये से टकराकर बेहोश हो गई।पुलिस का कहना है कि पकड़े जाने के डर से आरोपी ने किचन में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से अकबरी का गला रेत दिया और मौके से फरार होकर अपने घर चली गई। वारदात में प्रयुक्त चाकू को उसने अपने घर के पास करकट में छिपा दिया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चाकू बरामद कर लिया।पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्ता बबिता गोंड के खिलाफ दर्ज मुकदमे में कार्रवाई करते हुए उसे 22 अगस्त को करीब 7:15 बजे हिरासत में लिया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/333 के तहत कार्रवाई की गई है।घटना के खुलासे और गिरफ्तारी के लिए गठित टीम में थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार, हेड कांस्टेबल कमलेश प्रसाद, आरक्षी वेद व्यास तिवारी, महिला आरक्षी अंकिता सिंह और महिला आरक्षी बीनू सिंह शामिल रहीं।



