Azamgarh News:इंस्टाग्राम से शुरू हुई प्रेम कहानी पहुंची थाने, समझौते के बाद मंदिर में हुई शादी

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय
इंस्टाग्राम से शुरू हुई प्रेम कहानी पहुंची थाने, समझौते के बाद मंदिर में हुई शादी
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई दोस्ती आखिरकार शादी के रिश्ते में बदल गई। करीब ढाई महीने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क में आए युवक-युवती के बीच बातचीत बढ़ी और दोनों का रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। शादी की बात सामने आने पर युवक के कथित इनकार के बाद युवती के परिजन थाने पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर घंटों बातचीत और काउंसलिंग की। इसके बाद दोनों परिवार शादी के लिए सहमत हो गए और मंदिर में युवक-युवती का विवाह करा दिया गया।
जानकारी के अनुसार, अहरौला थाना क्षेत्र के कोठवा जलालपुर गांव निवासी 23 वर्षीय गरिमा की करीब ढाई महीने पहले अरूषा गांव निवासी 25 वर्षीय सूरज से इंस्टाग्राम के जरिए पहचान हुई थी। सोशल मीडिया पर बातचीत का सिलसिला आगे बढ़ा तो दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए। बाद में दोनों ने शादी करने का फैसला किया।
मामले की जानकारी युवती के परिजनों को हुई तो वे अहरौला थाने पहुंचे और पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत और काउंसलिंग कराई। इस दौरान पंचायत भी हुई। चर्चा के बाद दोनों पक्ष युवक-युवती की शादी कराने पर सहमत हो गए।
आपसी सहमति बनने के बाद अहरौला ब्लॉक के पास स्थित बाबा पालदास मंदिर में दोनों का विधि-विधान से विवाह कराया गया। विवाह के बाद दोनों पक्षों में आगे की वैवाहिक औपचारिकताएं पूरी करने पर भी सहमति बनी।
गरिमा और उसके पिता के मुताबिक, थाने में हुए समझौते के अनुसार फिलहाल गरिमा अपने पति के साथ ससुराल चली गई है। दोनों की कोर्ट मैरिज भी कराई जाएगी। इसके अलावा लड़के पक्ष की ओर से तीन वर्ष के भीतर बारात लाकर सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार विधिवत विवाह करने का भरोसा दिया गया है।
लड़के के पिता त्रिवेणी ने भी दोनों पक्षों के बीच हुई सहमति की पुष्टि की। पुलिस की काउंसलिंग के बाद मामला सुलझने से दोनों परिवारों में सहमति बन गई और युवक-युवती साथ रहकर अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत करने के लिए चले गए।



