Azamgarh News:स्व. आद्या प्रसाद राय की पुण्यतिथि पर सेवा का संदेश, रक्तदान शिविर में उमड़ा जनसैलाब

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

स्व. आद्या प्रसाद राय की पुण्यतिथि पर सेवा का संदेश, रक्तदान शिविर में उमड़ा जनसैलाब

दुर्वासा धाम पहुंचे पंकज चौधरी और भूपेंद्र चौधरी, अखिलेश यादव व राहुल गांधी पर साधा निशाना

आजमगढ़ जनपद के दुर्वासा धाम में भाजपा प्रदेश मंत्री सहजानंद राय के पूज्य पिता एवं शिक्षक स्व. आद्या प्रसाद राय की पांचवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम, विशाल रक्तदान शिविर और वृक्षारोपण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत स्व. आद्या प्रसाद राय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद कुसुम चैरिटेबल ब्लड एंड कम्पोनेंट सेंटर की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ पंकज चौधरी ने फीता काटकर किया। उन्होंने रक्तदाताओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। शिविर में युवाओं, भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रक्तदाताओं के चिकित्सकीय परीक्षण के साथ रक्त संग्रह की समुचित व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर पंकज चौधरी ने स्व. आद्या प्रसाद राय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पुण्यतिथि पर आयोजित सेवा कार्य उनके संस्कारों और समाज के प्रति समर्पण की भावना को आगे बढ़ाने वाला है। रक्तदान किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र सेवा, समर्पण और अंत्योदय है और ऐसे आयोजन इसी भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह हताशा में हैं और इसी हताशा में इस तरह के वीडियो सामने आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एआई के माध्यम से तैयार किए गए वीडियो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को निशाना बनाने के साथ ही साधु-संत समाज का भी अपमान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को विकास और जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्माष्टमी पर मथुरा जाने को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर पंकज चौधरी ने कहा कि काशी विश्वनाथ, अयोध्या और मथुरा करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। धार्मिक स्थलों पर जाना आस्था और परंपरा का विषय है, इसे राजनीतिक चश्मे से देखना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के संरक्षण को लेकर लगातार काम कर रही है।
कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने भी विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ऐसे प्रयास कर रहे हैं, जिससे हिंदू धर्म, सनातन संस्कृति और साधु-संतों के प्रति लोगों में अविश्वास पैदा हो। उन्होंने कहा कि मठ और मंदिर भारतीय संस्कृति एवं परंपरा का हिस्सा हैं और यह राजनीतिक नहीं बल्कि आस्था का विषय है।
एआई के इस्तेमाल को लेकर उन्होंने समाजवादी पार्टी पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि एआई के माध्यम से मुख्यमंत्री और साधु-संत समाज को निशाना बनाने वाले वीडियो तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने इसे राजनीति के गिरते स्तर का उदाहरण बताया।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए भूपेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि वह हिंदू धर्म और सनातन परंपराओं को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों की कोशिशों के बावजूद देश की जनता अपनी संस्कृति, परंपरा और धार्मिक आस्था के प्रति जागरूक है।
भाजपा प्रदेश मंत्री सहजानंद राय ने अपने पिता स्व. आद्या प्रसाद राय को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके पिता शिक्षक के रूप में जीवनभर सेवा, संस्कार और समाज के प्रति जिम्मेदारी का मार्ग दिखाते रहे। उनकी पुण्यतिथि पर रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंदों की सेवा करना उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने रक्तदाताओं, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिता के विचार और संस्कार सदैव समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने की प्रेरणा देते रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि पुण्यतिथि पर रक्तदान और वृक्षारोपण जैसे सेवा कार्य स्व. आद्या प्रसाद राय की स्मृति को समाजसेवा से जोड़ने वाली प्रेरणादायी पहल है।
इस अवसर पर राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, दानिश आजाद अंसारी, पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी, सतीश द्विवेदी, विधायक पीएन पाठक, रामविलास चौहान, डॉ. असीम राय, मनीष जायसवाल, जयमंगल कन्नौजिया, ज्ञानेंद्र सिंह, आशीष सिंह आशु, पूर्व सांसद संगीता आजाद, पूर्व विधायक आजाद अरमर्दन, उमेश पांडेय, रामदर्शन यादव, प्रदेश महामंत्री अभिजात मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव, अखिलेश सिंह बेंच आफ मजिस्ट्रेट, रमेश यादव ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि, अमन श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष रुद्रप्रकाश राय, राज सिंह सहित हजारों की संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सेवा, संस्कार और समर्पण के साथ आयोजित कार्यक्रम ने एक ओर स्व. आद्या प्रसाद राय की स्मृतियों को नमन किया, वहीं रक्तदान और वृक्षारोपण के माध्यम से समाजसेवा एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button