Azamgarh News:अतरौलिया। पेड़ से लटकता मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में सनसनी।

अतरौलिया। पेड़ से लटकता मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में सनसनी।

थाना क्षेत्र के भगतपुर गांव के सिवान में गुरुवार को पेड़ से रस्सी के सहारे लटकता एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव करीब तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है। दुर्गंध आने पर बकरी चराने गए ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

ग्रामीणों के अनुसार भगतपुर गांव के सिवान में स्थित कश्मीरिया स्थान के पास कुछ लोग बकरी चरा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक पेड़ से लटक रहे शव पर पड़ी। शव देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना अतरौलिया पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से युवक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक उसकी पहचान नहीं हो सकी।

मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। शव की स्थिति देखकर स्थानीय लोगों ने उसके तीन से चार दिन पुराना होने की आशंका जताई है। शव से दुर्गंध भी आनी शुरू हो गई थी। युवक ने कौन से कपड़े पहन रखे थे और उसके पास से कोई पहचान संबंधी वस्तु मिली या नहीं, इसकी जानकारी पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। ग्राम प्रधान बाबूलाल ने बताया कि गांव के सिवान में कश्मीरिया स्थान के पास अज्ञात युवक का शव पेड़ से लटकता मिला। ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। देखने से शव तीन-चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में ले लिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के गांवों में युवक की पहचान कराने के साथ ही उसके बारे में जानकारी जुटा रही है।

थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button