Azamgarh news :आलू उत्पादक किसानों के लिए बड़ी राहत, भामाशाह भाव स्थिरता कोष योजना में ऑनलाइन पंजीकरण शुरू

आलू उत्पादक किसानों के लिए बड़ी राहत, भामाशाह भाव स्थिरता कोष योजना में ऑनलाइन पंजीकरण शुरू

बाजार में आलू के दाम गिरने पर किसानों को मिलेगा अनुदान, कोल्ड स्टोरेज भाड़े पर भी सहायता

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

प्रदेश सरकार द्वारा आलू उत्पादक किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने तथा बाजार में आलू के दामों में होने वाली गिरावट से बचाने के लिए ‘भामाशाह भाव स्थिरता कोष’ की शुरूआत की गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ जनपद आजमगढ़ के पात्र किसानों तक पहुंचाने के लिए जिला उद्यान विभाग द्वारा ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह जानकारी प्रभारी जिला उद्यान अधिकारी जय करण सिंह ने दी।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के लोक कल्याण संकल्प पत्र के वायदे के अनुसार स्थापित इस कोष का मुख्य उद्देश्य आलू किसानों को बाजार के उतार-चढ़ाव से बचाना है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत किसानों को दिए जाने वाले लाभों में बाजार भाव गिरने पर अनुदान के तहत यदि बाजार में आलू की कीमतें अत्यधिक गिरती हैं, तो किसानों को निर्धारित लागत के 25 प्रतिशत या उत्पादन लागत व बिक्री मूल्य के अंतर में से जो भी कम होगा, उतने अनुदान की प्रतिपूर्ति की जाएगी। यह लाभ प्रति किसान अधिकतम 2 हेक्टेयर क्षेत्र और प्रति हेक्टेयर अधिकतम 240 क्विंटल उत्पादन तक ही सीमित होगा। इसी प्रकार कोल्ड स्टोरेज भाड़ा सहायता में निजी शीतगृहों (कोल्ड स्टोरेज) में आलू भंडारित करने वाले जनपद के किसानों को 100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भंडारण शुल्क अनुदान दिया जाएगा। इसके तहत एक किसान को अधिकतम रूपए 20,000 तक की वित्तीय सहायता मिल सकेगी।

योजना के तहत मिलने वाली सभी अनुदान और सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। प्रभारी जिला उद्यान अधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी इच्छुक आलू उत्पादक किसान योजना का लाभ लेने के लिए उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल https://potato.uphorticulture.in पर जाकर अथवा दिए गए बारकोड को स्कैन अपना पंजीकरण सुनिश्चित कराएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button