Azamgarh News:ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन के स्थापना दिवस पर गूंजा एकजुटता का संदेश

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन के स्थापना दिवस पर गूंजा एकजुटता का संदेश

बिलरियागंज समेत तहबरपुर, रानी की सराय, हरैया और अजमतगढ़ में हुई बैठकें, समाजहित में सेवा का लिया संकल्प

आजमगढ़, ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन के स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर जनपद के विभिन्न ब्लॉकों में कार्यक्रम एवं बैठकें आयोजित कर संगठन की मजबूती, सामाजिक एकजुटता और जरूरतमंदों की सेवा का संकल्प लिया गया। इस दौरान जिला संगठन के पदाधिकारियों के साथ संबंधित ब्लॉक कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

इसी क्रम में बिलरियागंज ब्लॉक की बैठक श्रीनगर स्थित राधा-कृष्ण शिव मंदिर परिसर में आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन के जिला अध्यक्ष विवेक सिंह एवं ब्लॉक अध्यक्ष उमेश राय ने भगवान परशुराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित करके किया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विवेक सिंह ने संगठन की विशेषताओं और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए हमेशा दस कदम आगे बढ़कर खड़ा रहेगा। समाज के गरीब एवं असहाय परिवारों के बच्चों की पढ़ाई की फीस, गंभीर बीमारी से जूझ रहे जरूरतमंदों के इलाज तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में संगठन अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करेगा।

उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल लोगों को एक मंच पर जोड़ना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के सुख-दुख में सहभागी बनना है। जरूरत के समय किसी परिवार को अकेला महसूस न होने देना ही संगठन की वास्तविक ताकत होगी।

कार्यक्रम में संरक्षक के रूप में उपस्थित जगदीश राय ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने और सामाजिक कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने की अपील की।

इसी क्रम में तहबरपुर, रानी की सराय, हरैया तथा अजमतगढ़ ब्लॉकों में भी स्थापना दिवस के अवसर पर बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में जिला संगठन के पदाधिकारियों के साथ संबंधित ब्लॉक अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी के सदस्यों ने भाग लिया। सभी स्थानों पर संगठन के उद्देश्यों, समाजहित में किए जाने वाले कार्यों तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

बैठकों में उपस्थित सदस्यों ने समाज के गरीब, असहाय और जरूरतमंद परिवारों के साथ हर संभव सहयोग करने तथा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही। इस दौरान उपस्थित लोगों ने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की खुशहाली और मजबूती के लिए सभी को मिलकर आगे बढ़ना होगा।

बिलरियागंज के कार्यक्रम में करीब 50 लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान वातावरण श्रद्धा, अपनत्व और सामाजिक एकजुटता से सराबोर नजर आया। अंत में सभी उपस्थित लोगों को जलपान कराया गया।

कार्यक्रम का समापन सभी लोगों ने एक स्वर में “भगवान परशुराम जी की जय” और “अपने समाज की जय” के उद्घोष के साथ किया। स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने समाज में सेवा, सहयोग और भाईचारे की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button