Azamgarh News:विद्युत तारों के आसपास पेड़ों की डालियों की छंटाई, पोल पर चढ़ी लताओं को भी हटाया*
*विद्युत तारों के आसपास पेड़ों की डालियों की छंटाई, पोल पर चढ़ी लताओं को भी हटाया*
ठेकमा। बरदह विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए रविवार को विद्युत विभाग की टीम ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान विद्युत तारों के आसपास बढ़ी पेड़ों की डालियों की छंटाई करने के साथ ही विद्युत पोल पर चढ़ी लताओं एवं बेलों को भी हटाया गया।
अभियान में अवर अभियंता आतिश यादव के नेतृत्व में समस्त लाइन स्टाफ मौजूद रहा। टीम ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर विद्युत लाइनों के आसपास फैली पेड़-पौधों की डालियों और लताओं को हटाकर विद्युत तारों को सुरक्षित किया। विभाग के इस अभियान से विद्युत फाल्ट की संभावनाओं को कम करने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने में मदद मिलेगी।
इस दौरान अवर अभियंता आतिश यादव, राजकुमार, सुरेंद्र, सोनू सिंह, मैन प्रताप सिंह, सन्दीप, प्रदीप, विजय राय, मुन्ना एवं मनीष राय सहित लाइन स्टाफ मौजूद रहा।
जेई आतिश यादव ने कहा कि विद्युत तारों के संपर्क में आने वाली पेड़ों की डालियां और पोल पर चढ़ी लताएं कई बार विद्युत फाल्ट का कारण बनती हैं। इन्हें समय-समय पर हटाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि उपकेंद्र क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित और बेहतर बनाए रखने के लिए इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि विद्युत लाइनों के आसपास पेड़-पौधों की डालियां बढ़ने पर विभाग को इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।



