दुष्कर्म मामले में पांच लाख रुपये मांगने का आरोप, कस्बा इंचार्ज निलंबित,सिपाही लाइन हाजिर, एसपी ने सीओ से कराई थी मामले की जांच
Accused of demanding five lakh rupees in a rape case, town in-charge suspended, constable on duty, SP had the CO investigate the case.

शाहजहांपुर। युवती से दुष्कर्म के मामले में आरोपित पक्ष से पांच लाख रुपये मांगने के आरोप में एसपी सौरभ दीक्षित ने कस्बा इंचार्ज महेंद्र प्रताप सिंह को देर रात निलंबित कर दिया। वहीं, मामले में सिपाही सुमित को लाइन हाजिर किया गया है।नगर के एक मोहल्ला निवासी युवती ने एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। मामले की जांच कस्बा इंचार्ज महेंद्र प्रताप सिंह कर रहे थे। मंगलवार को आरोपित युवक की पत्नी अपने बेटे के साथ एसपी कार्यालय पहुंची और कस्बा इंचार्ज पर गंभीर आरोप लगाए।महिला ने आरोप लगाया कि मामले को लेकर कस्बा इंचार्ज ने उससे पांच लाख रुपये की मांग की थी। रुपये नहीं देने पर उसके बेटे को फर्जी मामले में जेल भेजने की धमकी दी गई। महिला ने इस संबंध में एक ऑडियो भी एसपी को सुनाई, जिसमें कथित तौर पर रुपये की मांग किए जाने की बात सामने आई।मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने सीओ पुवायां प्रवीण मलिक को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। जांच के दौरान सिपाही सुमित के भी कस्बा इंचार्ज के साथ जाने की जानकारी सामने आई।सीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने देर रात कस्बा इंचार्ज महेंद्र प्रताप सिंह को निलंबित कर दिया, जबकि सिपाही सुमित को लाइन हाजिर कर दिया गया।



