Azamgarh news :विकसित भारत के संकल्प से युवाओं को जोड़ने के लिए जनपद में चलाया जायेगा व्यापक अभियान- डॉ भावना
विकसित भारत के संकल्प से युवाओं को जोड़ने के लिए जनपद में चलाया जायेगा व्यापक अभियान- डॉ भावना

जिला युवा अधिकारी ने प्रेस वार्ता में दी विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद 2027 की जानकारी, युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने एवं विकसित भारत के संकल्प का सक्रिय भागीदार बनाने के उद्देश्य से ‘विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद 2027’ के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
इस संबंध में मेरा युवा भारत आजमगढ़ की जिला युवा अधिकारी डॉ0 भावना ने प्रेस वार्ता कर अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘विकसित भारत चैलेंज ट्रैक’ के अंतर्गत प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया जा रहा है। प्रश्नोत्तरी में कुल 20 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जिन्हें हल करने के लिए प्रतिभागियों को 600 सेकंड अर्थात 10 मिनट का समय दिया जाएगा। प्रत्येक प्रतिभागी को प्रश्नोत्तरी में एक बार प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। प्रश्नोत्तरी में प्रतिभाग करने की अंतिम तिथि 30 सितम्बर 2026 निर्धारित की गई है।
जिला युवा अधिकारी ने बताया कि इसके अतिरिक्त ‘सांस्कृतिक’ एवं ‘इनोवेट फॉर भारत’ ट्रैक के माध्यम से भी युवाओं को अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर दिया जा रहा है। युवा लोक नृत्य, लोक गीत, कविता लेखन सहित विभिन्न रचनात्मक माध्यमों से अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी विकासखंडों में युवाओं को इस राष्ट्रीय पहल से जोड़ने के लिए व्यापक जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में युवाओं को प्रश्नोत्तरी के संबंध में जानकारी देकर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों एवं युवाओं को विशेष रूप से इस अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से युवाओं में देश की विकास यात्रा, राष्ट्र निर्माण तथा विकसित भारत के लक्ष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। पंचायती राज संस्थाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं तक भी अभियान का संदेश पहुंचाया जा रहा है। ग्राम पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित लोगों के सहयोग से अधिक से अधिक युवाओं को इस राष्ट्रीय पहल से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
डॉ0 भावना ने बताया कि जनपद के सभी विकासखंडों में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। स्वयंसेवक अपने-अपने क्षेत्रों में युवाओं, युवा मंडलों, शिक्षण संस्थानों एवं ग्रामीण समुदायों से संपर्क कर प्रश्नोत्तरी की जानकारी दे रहे हैं तथा युवाओं को बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
जिला युवा अधिकारी डॉ0 भावना ने जनपद के युवाओं, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, युवा संगठनों तथा पंचायती राज संस्थाओं से विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद 2027 में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि “युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और विकसित भारत का लक्ष्य युवाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना पूरा नहीं किया जा सकता। यह प्रश्नोत्तरी युवाओं को देश की विकास यात्रा को समझने, अपने ज्ञान को परखने तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को पहचानने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।”
उन्होंने शिक्षण संस्थानों, पंचायती राज संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों का आह्वान किया कि वे अपने-अपने स्तर से अधिक से अधिक युवाओं को इस अभियान से जोड़ें, ताकि जनपद के अधिक से अधिक युवा इस राष्ट्रीय पहल का हिस्सा बनकर विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें।



