Jaunpur की ताजा खबर, जौनपुर की ब्रेकिंग न्यूज़

Latest news of Jaunpur, breaking news of Jaunpur

जौनपुर। बदलापुर थाना क्षेत्र के ऊदपुर गेल्हवां गांव में एक व्यक्ति को पकड़ने के दौरान पुलिसकर्मियों और उसके बीच काफी देर तक भागदौड़ का मामला सामने आया है। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।वायरल वीडियो में तीन पुलिसकर्मी एक व्यक्ति को पकड़ने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों द्वारा पकड़ने और कथित रूप से पिटाई किए जाने के बावजूद व्यक्ति उनके चंगुल से निकलकर भाग गया। इसके बाद पुलिसकर्मी सड़क से लेकर खेतों तक उसका पीछा करते रहे।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस की ओर से घटना को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

विद्यार्थियों को रोजगार योग्य बनाना पीयू की प्राथमिकता : प्रो. आरके सिंह

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के केंद्रीय प्रशिक्षण एवं नियोजन प्रकोष्ठ की ओर से विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार एवं करियर के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नीरइन्फो सॉल्यूशंस के सहयोग से प्लेसमेंट ड्राइव एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। बीसीए, एमसीए, बीटेक समेत विभिन्न तकनीकी पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों ने इसमें उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय के 10 विद्यार्थियों का चयन किया गया।कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने नीरइन्फो सॉल्यूशंस के निदेशक सुधांशु शेखर एवं प्रबंध साझेदार वरुण महाजन से संवाद कर विद्यार्थियों के प्रदर्शन, बदलती रोजगार आवश्यकताओं और उद्योग जगत की अपेक्षाओं की जानकारी ली। कंपनी प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों के संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास तथा शिक्षा और उद्योग की जरूरतों के बीच के अंतर को कम करने पर जोर दिया।कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें उद्योग की जरूरतों के अनुरूप दक्ष और रोजगार के लिए तैयार पेशेवर बनाना है। विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रशिक्षण एवं नियोजन व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा।उन्होंने कहा कि भविष्य में रोजगारपरक प्रशिक्षण, कौशल विकास और प्लेसमेंट कार्यक्रम व्यापक स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों में संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास, साक्षात्कार कौशल, तकनीकी एवं व्यावहारिक दक्षता, टीम भावना और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।प्लेसमेंट प्रक्रिया के प्रथम चरण में 8 सितंबर को अभिरुचि एवं योग्यता परीक्षण हुआ, जिसमें 116 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इसके बाद 9 सितंबर को कंपनी प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को कंपनी के कार्यक्षेत्र, रोजगार के अवसर और करियर की संभावनाओं की जानकारी दी। इसके पश्चात व्यक्तिगत साक्षात्कार आयोजित किए गए। विस्तृत चयन प्रक्रिया के बाद 10 विद्यार्थियों का चयन किया गया।समापन सत्र में कंपनी के निदेशक सुधांशु शेखर एवं वरुण महाजन ने विद्यार्थियों को वर्तमान रोजगार बाजार की मांग के अनुरूप तैयारी करने के सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल के विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए कंपनी भविष्य में भी विश्वविद्यालय को सहयोग प्रदान करेगी। प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का समाधान करते हुए रोजगार और करियर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।इस अवसर पर केंद्रीय प्रशिक्षण एवं नियोजन प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. प्रदीप कुमार, नीरइन्फो सॉल्यूशंस के अनिकेत खरे, डॉ. नितेश जायसवाल, डॉ. दीप, डॉ. केके यादव, डॉ. अनुराग, श्याम त्रिपाठी समेत अन्य शिक्षक एवं सहयोगी मौजूद रहे।

 

खाकी के घर चोरों की सेंध, सोने-चांदी के आभूषण समेत नकदी पार

जौनपुर।मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के जमालापुर चौकी अंतर्गत मनापुर बंजारी गांव में चोरों ने सोनभद्र के बभनी थाने में तैनात थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सरोज के घर को निशाना बनाकर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। चोर घर का ताला-कुंडी काटकर करीब 20 हजार रुपये नकद समेत लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण समेट ले गए।बताया गया कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। चोरों ने पहले मुख्य दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर साइड वाले कमरे की कुंडी काटकर घर में प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने दो कमरों में रखे बेड और अन्य स्थानों को खंगाल डाला।चोरी गए सामान में सोने की चूड़ियां, अंगूठियां, झुमके, चेन समेत चांदी के आभूषण शामिल बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने पर जमालापुर चौकी प्रभारी रामाश्रय कुशवाहा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से चोरों का सुराग लगाने में जुटी है। थानाध्यक्ष के घर हुई चोरी ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।

 

क्रांति स्तंभ पर गूंजा पंत का यशगान, जयंती पर दी श्रद्धांजलि

जौनपुर।कलेक्ट्रेट परिसर स्थित क्रांति स्तंभ पर गुरुवार को उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री एवं महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भारत रत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पंत की 139वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर हिन्दुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन आर्मी व लक्ष्मीबाई ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लक्ष्मीबाई ब्रिगेड की अध्यक्ष मंजीत कौर एडवोकेट ने पंडित गोविन्द बल्लभ पंत के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पंत जी का जन्म 10 सितंबर 1887 को उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के खूंट गांव में हुआ था। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से वर्ष 1909 में कानून की परीक्षा उत्तीर्ण की। काकोरी कांड के मुकदमे की पैरवी से उन्हें विशेष पहचान मिली।उन्होंने कहा कि वर्ष 1937 में पंडित पंत संयुक्त प्रांत के प्रधानमंत्री बने और 1946 में उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री का दायित्व संभाला। 10 जनवरी 1955 को उन्होंने देश के गृहमंत्री का पद संभाला। राजनीति के साथ साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। हिंदी को राजकीय भाषा का दर्जा दिलाने में भी उनकी अहम भूमिका रही।, वक्ताओं ने कहा कि पंडित गोविन्द बल्लभ पंत का योगदान देश के राजनीतिक और सामाजिक इतिहास में सदैव याद किया जाता रहेगा। उनका निधन 7 मार्च 1961 को हुआ।इस अवसर पर डॉ. धरम सिंह, अनिरुद्ध सिंह, मैनेजर पांडेय, मंजीत कौर एडवोकेट समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन की अध्यक्षता में गुरुवार को निर्माण खंड-2 लोक निर्माण विभाग की सड़कों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डीएम ने बारिश के चलते क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों को तत्काल दुरुस्त कर उन्हें मोटरेबल स्थिति में लाने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात समाप्त होने के बाद सड़कों की स्थायी मरम्मत और ब्लैक टॉपिंग के लिए अभी से कार्ययोजना तैयार कर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं। बारिश थमते ही ब्लैक टॉपिंग का काम शुरू कराया जाए।उन्होंने अधिकारियों को सड़कों के निर्माण व मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर कार्यों का निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि सभी काम निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयबद्ध ढंग से पूरे हों।डीएम ने ठेकेदारों से निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कराने के निर्देश देते हुए कहा कि लापरवाही बरतने अथवा समय पर काम पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुविधा और सुरक्षित आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।इसके अलावा सड़कों से संबंधित लागत, कार्यदायी संस्था का नाम समेत अन्य आवश्यक जानकारियां सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

करंजाकला गोलीकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पांच आरोपी दबोचे अन्य की तलाश जारी

जौनपुर।सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के करंजाकला तिराहे पर 9 सितंबर को दो युवकों को गोली मारे जाने की घटना में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में घायल विपिन यादव उर्फ मखनचू और अंश को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया था, जहां से हालत गंभीर होने पर दोनों को बेहतर उपचार के लिए बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया था।घटना के अनावरण के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था। टीमों के संयुक्त प्रयास से पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करंजाकला तिराहे पर दोनों पक्षों की गाड़ियां आमने-सामने आ गई थीं। इसी दौरान दोनों पक्षों में विवाद हुआ और विवाद के क्रम में गोली चल गई।पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

प्रतिबंधित मांझे से युवक का गला कटा, 12 टांके लगे लेकिन दर्ज नहीं हो रहा एफआईआर

जौनपुर। प्रतिबंधित मांझे की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुराना पान दरीबा, मिसिरपुर निवासी सुजल मौर्य पुत्र संतोष कुमार मौर्य छह सितंबर को अपने भाई सानू मौर्य के साथ मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे। सद्भावना पुल पर भारत इलेक्ट्रॉनिक के सामने प्रतिबंधित मांझा उनके गले में फंस गया, जिससे गला गंभीर रूप से कट गया। जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान गले में 12 टांके लगाए गए। हादसे में उनके भाई सानू के हाथ में भी गंभीर चोटें आई।पीड़ित ने थाना कोतवाली में कार्यवाही के लिए प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं होने पर 10 सितंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अभियोग पंजीकृत करने की मांग की। जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ ही डाक से भी पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र भेजा गया।

इस दौरान अधिवक्ता विकास तिवारी और अतुल सिंह पीड़ित के साथ मौजूद रहे।

अधिवक्ता विकास तिवारी ने कहा कि 14 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी जौनपुर ने चाइनीज एवं सिंथेटिक मांझे की खरीद, बिक्री, भंडारण और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाते हुए प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद लगातार हो रही घटनाएं प्रशासनिक कार्यवाही पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने कहा कि पहले शिक्षक संदीप तिवारी और चिकित्सक डॉ. समीर हाशमी की जान जा चुकी है और अब सुजल मौर्य जैसे राहगीर गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं।प्रशासन से दृढ़ आग्रह है कि जिलाधिकारी के आदेश को कागज से जमीन तक उतारा जाए।जब तक प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और उपयोग पूरी तरह बंद नहीं होगा, तब तक किसी और संदीप, समीर या किसी अनजान राहगीर के घर का चिराग बुझने का खतरा बना रहेगा।उसी क्रम में अतुल सिंह ने प्रशासन से प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और उपयोग पर तत्काल प्रभावी रोक लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि पतंग उड़ाना खुशी हो सकती है, लेकिन किसी की गर्दन काटने वाला मांझा मनोरंजन नहीं, मौत का सामान है।उक्त अवसर पर विकास तिवारी,अतुल सिंह, डा.अब्बासी, सुधांशु सिंह, राजकुमार प्रजापति, अंकित यादव , रंजीत यादव, साई, देवेश मौर्य, नीरज पाठक आदि उपस्थित रहे।

भैंस चोरी के मुकदमे में वांछित आरोपी गिरफ्तार, 900 रुपये बरामद

जौनपुर। मड़ियाहूं थाना पुलिस ने भैंस चोरी के मुकदमे में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 900 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीफ पुत्र हारुन कुरैशी, निवासी मोहल्ला कजियाना, थाना मड़ियाहूं, उम्र करीब 22 वर्ष के रूप में हुई।पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना मड़ियाहूं में मु.अ.सं. 351/2026 के तहत धारा 303(2) व 317(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज था और वह वांछित चल रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी को न्यायालय भेजा जा रहा है।पुलिस ने बताया कि आरोपी का पूर्व में भी एक मुकदमा दर्ज है। उसके खिलाफ मु.अ.सं. 151/2026 में धारा 115(2), 352 व 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक सुदर्शन यादव, हेड कांस्टेबल विनोद सिंह और कांस्टेबल विकास यादव शामिल रहे।

 

करंट लगने से युवक की मौत पर भड़का आक्रोश, दो घंटे सड़क जाम

जौनपुर। बदलापुर थाना क्षेत्र के मानापुर गांव में करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर करीब दो घंटे तक जाम लगा दिया। इससे आवागमन बाधित रहा और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।परिजन मृतक के परिवार को मुआवजा देने के साथ ही घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। सूचना मिलने पर एसडीएम और सीओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उनकी मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ,

 

आकाशीय बिजली की चपेट में आने से युवक की मौत

जौनपुर। मछलीशहर तहसील क्षेत्र के मीरगंज थाना अंतर्गत मोलनापुर गांव में गुरुवार दोपहर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया,मोलनापुर गांव निवासी रामबरन चौहान का पुत्र सतीश कुमार (23) गुरुवार दोपहर खेत में मेड़ बांधने गया था। इसी दौरान बारिश के बीच तेज चमक और गड़गड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से सतीश गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई,घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। ग्रामीणों के अनुसार सतीश तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बेटे की मौत से मां फूलकुमारी समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। राजस्व विभाग के सहयोग से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

रामपुर सीएचसी में तीन कर्मचारी और डॉक्टर मिले अनुपस्थित

जौनपुर।मुख्य चिकित्सा अधिकारी जौनपुर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर समेत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अड़ियार कठवतीय एवं सुरेरी का निरीक्षण किया। रामपुर सीएचसी में निरीक्षण के दौरान बीसीपीएम, लैब टेक्नीशियन (एलटी), एआरओ और डॉ. राहुल गुप्ता अनुपस्थित मिले। अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।सीएचसी में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक मिली और आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध थीं। प्रसव कक्ष में भर्ती प्रसूता भारती ने पुत्र को जन्म दिया था। सीएमओ ने संबंधित स्टाफ को जननी सुरक्षा योजना के तहत भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर जल्द भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।वहीं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अड़ियार कठवतीय और सुरेरी में सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित मिले। दोनों केंद्रों पर साफ-सफाई और दवाओं की उपलब्धता संतोषजनक पाई गई। सीएमओ ने सभी कर्मचारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहने तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उपचार और मरीजों की सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त चेतावनी दी गई।

 

दवा लेने जा रहे टेंपो चालक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत

जौनपुर।जफराबाद थाना क्षेत्र के कजगांव रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को ट्रेन की चपेट में आने से 55 वर्षीय टेंपो चालक की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।लाइनबाजार थाना क्षेत्र के परियावा (वनपुरवा) गांव निवासी फेरु निषाद (55) पुत्र स्वर्गीय मिट्ठू निषाद टेंपो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया गया कि वह कुछ दिनों से वायरल बुखार से पीड़ित थे। गुरुवार को वह सलखापुर रेलवे स्टेशन से एजे ट्रेन में सवार होकर कजगांव पहुंचे थे। वहां से उन्हें दवा लेने के लिए जौनपुर शहर जाना था।कजगांव स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के दौरान अचानक ट्रेन चल पड़ी। इसी बीच फेरु ट्रेन में चढ़ने वाली सीढ़ी की चपेट में आकर पटरी की ओर गिर गए। हादसे में उनके पेट में गंभीर चोट आई और एक हाथ कट गया। गंभीर रूप से घायल फेरु की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी ने एसआई मुख्तार राम को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button