आजमगढ़:लावारिस गोवंश से टकराकर कार पलटी, चालक बाल-बाल बचा
Azamgarh: Car overturned after colliding with stray cattle, driver narrowly escapes

नरसिंह पवई
आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के बखरिया ग्राम के पास 192.6 पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लावारिस गोवंश के अचानक सामने आ जाने से तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार उससे टकरा गई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई और करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटती हुई आगे जाकर रुक गई।जानकारी के अनुसार कार चालक शैलेन्द्र पुत्र कमला, निवासी ओडराई, थाना दुल्लापुर, जनपद गाजीपुर, गाजीपुर से लखनऊ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर अचानक एक गाय छलांग लगाकर कार के सामने आ गई। चालक ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन कार गोवंश से टकरा गई।टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलटकर काफी दूर तक घिसटती चली गई। गनीमत रही कि हादसे में कार चालक की जान बाल-बाल बच गई। घटना के बाद मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा।स्थानीय लोगों के मुताबिक, एक्सप्रेसवे पर लावारिस गोवंश के विचरण करने से आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने संबंधित विभाग से एक्सप्रेसवे पर घूम रहे लावारिस गोवंश को हटाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की है।



