Azamgarh news :विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर नोडल अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी ने किया बैठक
विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर नोडल अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी ने किया बैठक

जिला निर्वाचन अधिकारी ने 18 कमेटियों के जिला एवं सहायक नोडल अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
पिछले विधानसभा निर्वाचन की व्यवस्थाओं एवं अभिलेखों का अध्ययन कर 15 दिन में तैयारियों को विस्तृत रूप देने के निर्देश
मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं, दिव्यांग मतदाताओं हेतु व्हीलचेयर एवं कम मतदान वाले क्षेत्रों में विशेष स्वीप अभियान पर जोर
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी, सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन कार्यों के लिए गठित विभिन्न कमेटियों के जिला एवं सहायक नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन के सुचारू संपादन एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए लगभग 18 कमेटियों का गठन किया गया है। प्रत्येक कमेटी के जिला नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों को उनके दायित्व निर्धारित किए गए हैं।
बैठक में मैनपॉवर एवं ट्रेनिंग मैनेजमेंट, स्वीप तथा एएमएफ के जिला नोडल अधिकारी मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, मैटेरियल मैनेजमेंट के नोडल अधिकारी परियोजना निदेशक डीआरडीए सच्चिदानन्द प्रसाद, ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट के नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय चावला, कम्युनिकेशन, साइबर सिक्योरिटी एवं आईटी के नोडल अधिकारी जिला सूचना विज्ञान अधिकारी चन्दन कुमार, लॉ एंड ऑर्डर, वीएम एवं सिक्योरिटी प्लान, एमसीसी, कंप्लेंट्स रिड्रेसल एवं वोटर हेल्पलाइन तथा ऑब्जर्वर्स के नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गंभीर सिंह को बनाया गया है।
इसी प्रकार ईवीएम मैनेजमेंट के नोडल अधिकारी महाप्रबंधक चीनी मिल विकास सिंह, व्यय पर्यवेक्षण के नोडल अधिकारी मुख्य कोषाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव, बैलेट पेपर्स, पोस्टल बैलेट एवं ईटीपीबीएस के नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय चावला, तथा मीडिया के नोडल अधिकारी जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार को नामित किया गया है।
कम्युनिकेशन प्लान, बूथ, सीसीटीवी, वेबकास्टिंग, डिस्पैच एवं रिसीविंग सेंटर, काउंटिंग सेंटर, टेंडर तथा वीडियोग्राफी से संबंधित कार्यों के नोडल अधिकारी मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा को बनाया गया है।
पिछले चुनाव की व्यवस्थाओं एवं अभिलेखों का करें अध्ययन
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला एवं सहायक नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि गत विधानसभा सामान्य निर्वाचन में की गई व्यवस्थाओं, तैयारियों एवं संबंधित फाइलों का विस्तृत अवलोकन कर लें। पूर्व निर्वाचन के अनुभवों से सीख लेते हुए इस बार की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी, व्यवस्थित एवं सुचारू बनाया जाए।
उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले 15 दिनों में अपने-अपने दायित्वों से संबंधित सभी तैयारियां सुनिश्चित करते हुए विस्तृत बुकलेट तैयार करें तथा आगामी बैठक में बुकलेट के साथ उपस्थित हों। बुकलेट में कमेटी के दायित्व, अब तक की गई कार्रवाई, आवश्यक संसाधन, उपलब्ध संसाधन, शेष कार्य तथा आगामी कार्ययोजना का स्पष्ट विवरण शामिल किया जाए।
निर्वाचन आयोग की नवीनतम गाइडलाइन का करें गहन अध्ययन
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी 18 कमेटियों के जिला नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नवीनतम दिशा-निर्देशों एवं गाइडलाइन का विस्तृत अध्ययन कर लें। निर्वाचन संबंधी प्रत्येक कार्य निर्धारित मानकों एवं समयसीमा के अनुसार सुनिश्चित किया जाए, जिससे निर्वाचन के समय किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
उन्होंने कहा कि विगत विधानसभा निर्वाचन में बनाए गए सभी मतदान केंद्रों का संबंधित अधिकारी भ्रमण कर लें तथा वहां बिजली, पेयजल, शौचालय, फर्नीचर, प्रकाश व्यवस्था, रैंप, पहुंच मार्ग सहित आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता एवं स्थिति का सत्यापन कर आवश्यक सुधार कार्य समय से पूरा कराएं।
मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी ने शहरी क्षेत्रों सहित सभी निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि बड़े एवं महत्वपूर्ण मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाए। मतदान केंद्रों तक पहुंचने वाले एप्रोच रोड, पेयजल, शौचालय, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं मानक के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन करते हुए जहां कहीं भी कमी मिले, उसे समय रहते दूर कराया जाए, ताकि मतदान दिवस पर मतदाताओं एवं मतदान कार्मिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को निर्देशित किया कि दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में व्हीलचेयर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी संबंधित मतदान केंद्रों पर दिव्यांग मतदाताओं के लिए सुगम एवं बाधारहित मतदान की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन की सफलता केवल मतदान प्रतिशत बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक पात्र मतदाता को बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर उपलब्ध कराना भी प्राथमिकता है।
कम मतदान वाले क्षेत्रों में चलाएं विशेष स्वीप अभियान
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्वीप से जुड़े अधिकारियों को निर्देशित किया कि गत विधानसभा निर्वाचन में कम मतदान प्रतिशत वाले क्षेत्रों एवं मतदान केंद्रों को चिन्हित कर वहां विशेष मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाए।
उन्होंने कहा कि ऐसे क्षेत्रों में स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप प्रभावी स्वीप गतिविधियां संचालित की जाएं तथा मतदाताओं को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया जाए। विशेष रूप से युवा, महिला, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक एवं पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को अभियान से जोड़ते हुए ‘मतदान मेरा अधिकार और मेरी जिम्मेदारी’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध प्रक्रिया है। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा निर्वाचन आयोग के प्रत्येक निर्देश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें।
बैठक में संबंधित जिला एवं सहायक नोडल अधिकारी तथा निर्वाचन से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।



