जबलपुर:पुरानी रंजिश में हत्या का प्रयास, दो महीने से फरार आरोपी अमर घोटिया गिरफ्तार
Jabalpur: Attempted murder due to old enmity, absconding accused Amar Ghotia arrested for two months

Jabalpur news
पनागर थाना क्षेत्र के ग्राम भरदा में पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। खेरमाई मंदिर के पास अनिकेत कोरी की हत्या का प्रयास किए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महीने से फरार चल रहे आरोपी अमर घोटिया को गिरफ्तार कर लिया है। मामला 4 जुलाई 2026 को सामने आया था, जिसके बाद पनागर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी करन घोटिया को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि अमर पुलिस की गिरफ्त से लगातार बचता रहा।
पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से चली आ रही पुरानी लड़ाई और आपसी रंजिश ही इस वारदात की वजह बनी। एसआई आकाश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फरार आरोपी की तलाश तेज की और आखिरकार उसे दबोच लिया। आरोपी और पीड़ित दोनों ग्राम भरदा के रहने वाले हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब मामले से जुड़े पुराने विवादों और आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है। फरार आरोपी के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



