एसडीएम लालगंज ने दो गांवों में किया स्थलीय निरीक्षण, राजस्व वादों की मौके पर सुनी

SDM Lalganj conducted on-site inspection in two villages, heard revenue disputes on the spot

लालगंज, आजमगढ़। तहसील में लंबित राजस्व वादों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर उपजिलाधिकारी लालगंज नेहा मिश्रा लगातार सक्रिय हैं। इसी क्रम में सोमवार को एसडीएम ने तहसील क्षेत्र के दो ग्राम पंचायतों में पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और मौके पर ही दोनों पक्षों की सुनवाई की।

बड़ागांव में देवेन्द्र बनाम वीरेन्द्र मामले की जांच पहला स्थलीय निरीक्षण विकास खंड देवगांव के ग्राम पंचायत बड़ागांव में किया गया। यहां उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता 2006 की धारा 116 के तहत दर्ज वाद देवेन्द्र बनाम वीरेन्द्र के निस्तारण के संबंध में एसडीएम ने राजस्व निरीक्षक, क्षेत्रीय लेखपाल तथा दोनों पक्षों की मौजूदगी में भूमि का मौका मुआयना किया।

एसडीएम ने मौके पर ही राजस्व अभिलेखों, नक्शा व मौके की स्थिति का मिलान किया। दोनों पक्षों से बारी-बारी उनका पक्ष सुना और राजस्व टीम को निर्देश दिया कि नियमानुसार पैमाइश कर स्पष्ट आख्या न्यायालय में प्रस्तुत की जाए ताकि वाद का विधिसम्मत निस्तारण हो सके।

वही इसके बाद दूसरा स्थलीय निरीक्षण ग्राम पंचायत भुड़की में किया गया। यहां भी धारा 116 के अंतर्गत दर्ज बंटवारे के एक अन्य मामले के निपटारे के संबंध में मौके पर जाकर जांच की गई। निरीक्षण के दौरान दोनों पक्ष व राजस्व अधिकारी मौजूद रहे। एसडीएम ने मौके की वस्तुस्थिति का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसडीएम नेहा मिश्रा ने बताया कि धारा 116 के अधिकांश मामलों में मौके की स्थिति देखे बिना सही निर्णय लेना संभव नहीं होता है, इसलिए स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण किया जा रहा है। इससे न केवल वादों का निष्पक्ष निस्तारण होगा बल्कि ग्रामीणों को तहसील के अनावश्यक चक्कर भी नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी राजस्व वादों में समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।स्थलीय निरीक्षण के दौरान राजस्व विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button