Jabalpur news:अवैध वसूली के विरोध पर मिठाई दुकान में बवाल, व्यापारी-कर्मचारी पर लाठी-डंडों से हमला
Jabalpur News: Chaos in a sweet shop over illegal extortion, traders and employees attacked with sticks.
जबलपुर के सीओडी तिराहा स्थित प्रसिद्ध मिठाई दुकान में कथित अवैध वसूली को लेकर जमकर बवाल मच गया। पुलिस के अनुसार गधेरी निवासी यादव बंधु अर्जुन यादव, सागर यादव सहित अन्य लोग दुकान पर वसूली के लिए पहुंचे थे। दुकान संचालक मुन्ना गुप्ता और कर्मचारियों ने इसका विरोध किया तो आरोपी कथित तौर पर आगबबूला हो गए और मारपीट शुरू कर दी। दबंगों ने दुकान में जमकर उत्पात मचाते हुए कर्मचारियों के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारी कल्लू कुशवाहा को भी नहीं बख्शा गया और उसके सिर पर लाठी-डंडे से जोरदार वार कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई।
मामले की सूचना मिलते ही रांझी पुलिस सक्रिय हुई और शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के मुताबिक पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमले में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



