Azamgarh News:सरायमीर में बिजली चोरी के खिलाफ सुबह-सुबह छापेमारी, कई के खिलाफ मुकदमा
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
सरायमीर में बिजली चोरी के खिलाफ सुबह-सुबह छापेमारी, कई के खिलाफ मुकदमा
आजमगढ़ जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र में विद्युत चोरी पर अंकुश लगाने के लिए विद्युत विभाग एवं प्रवर्तन दल की संयुक्त टीम ने बुधवार, 16 सितंबर को सरायमीर टाउन के हाई लाइन लॉस फीडर क्षेत्र में मॉर्निंग चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मोहल्ला पुराना थाना, पठान टोला और हाजीपुर में आकस्मिक जांच की गई।
चेकिंग के दौरान कई उपभोक्ताओं को बाईपास कर बिजली का इस्तेमाल करते तथा बिना वैध विद्युत कनेक्शन के बिजली चोरी करते पकड़ा गया। विभागीय टीम ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ विद्युत चोरी के मामले में मुकदमा दर्ज कराया।
सुबह अचानक पहुंची संयुक्त चेकिंग टीम को देखकर संबंधित मोहल्लों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। टीम ने घरों एवं विद्युत कनेक्शनों की जांच करते हुए अवैध रूप से बिजली के इस्तेमाल की पड़ताल की। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्युत चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और चोरी करते पकड़े जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
चेकिंग टीम में प्रवर्तन दल के प्रभारी बिजली उपनिरीक्षक शिवनाथ सिंह, महिला हेड कांस्टेबल निधि सिंह, कांस्टेबल सुनील कुमार यादव, सुशील गौड़, सुमित कुमार यादव, उपखंड अधिकारी वीरेंद्र कुमार मौर्य, अवर अभियंता सरायमीर टाउन राघवेंद्र यादव सहित विद्युत विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।



