आजमगढ़ में सेवा संकल्प अभियान का हुआ भव्य शुभारंभ, रक्तदान शिविर, फल वितरण एवं श्रमदान से हुआ आगाज

प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प से प्रत्येक नागरिक को जोड़ना अभियान का उद्देश्य : जिलाधिकारी

आजमगढ़, 17 सितम्बर 2026। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का शुभारंभ आज प्रधानमंत्री  के जन्मदिवस के अवसर पर “आशीर्वाद का दीया” के रूप में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों के साथ किया गया।

मंडलीय चिकित्सालय में रक्तदान शिविर से हुआ अभियान का शुभारंभ

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार एवं जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने मंडलीय सदर अस्पताल में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर एवं मरीजों को फल वितरण कार्यक्रम में प्रतिभाग कर सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।अभियान के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत मंडलीय चिकित्सालय सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर भी रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। रक्तदाताओं ने रक्तदान कर प्रधानमंत्री जी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं जिलाध्यक्ष द्वारा रक्तदाताओं का अभिनंदन करते हुए रक्तवीरों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।जिलाधिकारी ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र निर्माण के सामूहिक संकल्प से जोड़ना है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि रक्तदान इंसानियत और सामाजिक सरोकार से जुड़ा पुनीत कार्य है। ऐसे सेवा कार्यों से समाज में परस्पर सहयोग, संवेदनशीलता और मानवता की भावना मजबूत होती है।जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का जीवन सेवा, समर्पण और जनकल्याण के प्रति समर्पित रहा है। उनके जन्मदिवस के अवसर पर रक्तदान जैसे सेवा कार्य समाज को सकारात्मक संदेश देते हैं।

अस्पतालों में मरीजों को फल वितरित कर की गई सेवा

सेवा संकल्प अभियान के तहत मंडलीय चिकित्सालय, महिला जिला चिकित्सालय सहित जनपद के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर मरीजों को फल वितरित किए गए। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।मरीजों ने भी इस सेवा पहल की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं एवं दीर्घायु की कामना की।इस अवसर पर सीएमओ डॉ. एन.आर. वर्मा, प्रमुख अधीक्षक डॉ. एस.सी. कनौजिया, अधीक्षक डॉ. राम केवल, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, अखिलेश मिश्रा ‘गुड्डू’ सहित संबंधित अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

नरौली तिराहा पर श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश

सेवा संकल्प अभियान के क्रम में नगरपालिका आजमगढ़ के नरौली तिराहा पर स्वच्छता हेतु श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय चावला, उप जिलाधिकारी सदर, नगरपालिका अध्यक्ष सरफराज आलम मंसूर एवं अधिशासी अधिकारी डॉ. बृजेश कुमार सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं जनमानस ने श्रमदान में सहभागिता की।इस दौरान सभी ने झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की तथा स्वच्छता के प्रति नागरिकों को जागरूक किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस तथा उनके 25 वर्षों के सेवा, समर्पण एवं सुशासन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसेवा एवं राष्ट्रसेवा के कार्यों में सहभागिता का संकल्प लिया।अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के 25 वर्षों का सेवा एवं समर्पण काल राष्ट्र को समर्पित रहा है। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में हो अथवा देश के प्रधानमंत्री के रूप में, उन्होंने गरीब, किसान, युवा, महिला एवं वंचित वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण पहल की हैं। उनके नेतृत्व में देश में विकास के साथ-साथ सुशासन, आत्मनिर्भरता एवं अंत्योदय की दिशा में विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

जनपद में माह भर चलेगा सेवा संकल्प अभियान

जनपद में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न सेवा, जनभागीदारी, स्वच्छता, जनकल्याण एवं जागरूकता संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से जुड़ी जनकल्याणकारी उपलब्धियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों की जानकारी जनसामान्य तक पहुंचाई जाएगी और नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।जनपदवासियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की तथा ‘जिसने जीवन संवारा, उन्हें आशीर्वाद हमारा’ के भाव के साथ सेवा संकल्प अभियान में सहभागिता की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button