आजमगढ़:दालसिंगार यादव की छठवीं पुण्यतिथि पर टूटी दलीय सीमाएं,मुख्य अतिथि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री पर किया कटाक्ष

Azamgarh: Party boundaries were broken on the sixth death anniversary of Dalsingar Yadav, with chief guest Congress state president Ajay Rai taking a dig at the Prime Minister and Chief Minister.

रिपोर्ट : कमलाकांत शुक्ल

महराजगंज (आजमगढ़)

स्थानीय नगर पंचायत स्थित एक मैरिज हॉल में गुरुवार को आयोजित पूर्व मंत्री स्व० दलसिंगार यादव की छठवीं पुण्यतिथि पर दलीय सीमाओं को नजरंदाज कर सभी राजनैतिक दलों के नेता कार्यक्रम में उपस्थित रहे । कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि स्व० दलसिंगार यादव का जितना बड़ा ओहदा था उतना ही उनके अंदर सरलता, शालीनता और ईमानदारी भरी थी । वह जनता के सुख-दुख व विचारों की राजनीति करते थे । वर्तमान केंद्र व प्रदेश सरकार सत्ता में बने रहने के लिए लोगों के साथ धोखा तथा छलावा करने का काम कर रही है । बिहार में आपदा की चपेट में आकर सैकड़ो परिवारों के दीपक बुझ गए किन्तु हमारे प्रधानमंत्री जी अपने जन्मदिन पर स्कूल कॉलेजों और सरकारी कार्यालयों में बाकायदा आदेश जारी कर जबरदस्ती दीपक जलवाने का काम कर रहे हैं तथा आम जनता को यूपीआई पेमेंट पर शुल्क लगा कर उपहार दे रहे हैं । कोरोना काल में जब लोग मर रहे थे उस समय लोगों को उनके हाल पर छोड़कर ताली-थाली बजवाने और टॉर्च जलाने का नाटक किया गया । 2014 के चुनाव से पूर्व जनसभाओं में लंबी चौड़ी लिस्ट दिखाकर कहा जाता था कि कांग्रेस के नेताओं का काला धन विदेशों में जमा है जो सरकार बनने पर वापस लाया जाएगा, और यूं ही हर व्यक्ति के खाते में 15-15 लाख रुपए पहुंच जाएंगे । जिसे बाद में चुनावी जुमला बताकर लोगों का मजाक उड़ाया गया और अब वह लिस्ट भी गायब हो गई । आज देश का युवा अच्छे शिक्षण संस्थान व रोजगार मांग रहा है । किसान, व्यापारी हर कोई तबाह है, लेकिन देश और प्रदेश की सरकारें सुनने के लिए तैयार नहीं है । वर्तमान परिदृश्य में स्वर्गीय दालसिंगार यादव के पद चिन्हों पर चलकर समाज के लोगों के लिए काम करने की आवश्यकता है ।

कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने कहा कि विकसित भारत का सपना साकार करने के लिए स्वर्गीय दलसिंगार यादव के विचारों का अनुसरण करने की आवश्यकता है । पूर्व जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने उनकी कुछ स्मृतियों को याद करते हुए कहा कि उनकी सरलता और ईमानदारी की जितनी भी चर्चाएं की जाए वह कम है । आज समाज को बांट कर राजनीति की जा रही है जबकि एक राजनेता को पूर्व मंत्री के पद चिन्हों पर चलकर समाज को जोड़कर विकास का सपना साकार किया जा सकता है । कार्यक्रम को मुख्य रूप से कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुन्ना राय, उपाध्यक्ष बेलाल अहमद, शिक्षक प्रकोष्ठ के अमित राय, प्रदेश कार्य समिति सदस्य सुमन सिंह, रामअवध प्रजापति ने सम्बोधित किया तथा मुख्य रूप से शिक्षक, कर्मचारी संघ के अध्यक्ष गिरीश चतुर्वेदी, सपा जिला अध्यक्ष हवलदार यादव, सपा नेता दिनेश यादव, लल्लन चौहान, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य रणन्जय सिंह, हरेंद्र सिंह, गया यादव, इरशाद अहमद, चंद्रमणि यादव आदि सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे । कार्यक्रम का संचालन तेज बहादुर यादव ने किया तथा कार्यक्रम के अंत में स्वर्गीय दलसिंगार यादव के सुपुत्र कांग्रेस नेता दिनेश यादव द्वारा उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया गया ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button