आजमगढ़:जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने जिला कारागार का किया निरीक्षण, बंदियों की समस्याओं का लिया जायजा
Azamgarh news:जिला कारागार निरीक्षण में बंदियों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

आजमगढ़ 17 सितम्बर 2026: उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ व मा० जनपद न्यायाधीश / अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आजमगढ़ के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में अंकित वर्मा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आजमगढ़ द्वारा जिला कारागार, आजमगढ़ का निरीक्षण किया गया। आज की तिथि में 770 विचाराधीन पुरूष बन्दी, 44 विचाराधीन महिला बन्दी तथा 259 सिद्धदोष पुरुष बन्दी, 09 सिद्धदोष महिला बन्दी निरूद्ध है।सचिव द्वारा सर्वप्रथम बाल बैरक का निरीक्षण किया गया, जिसमें 63 बाल बन्दी निरूद्ध पाये गये। पूछने पर सभी द्वारा बताया गया कि उनके मुकदमें की पैरवी हेतु अधिवक्ता है। जेल अधीक्षक द्वारा बताया गया कि बाल बन्दियों को पढ़ाने हेतु शिक्षक नामित है तथा बाल बन्दियों के लिए जिला कारागार द्वारा बॉलीबाल, कैरम, लूडो, चेस इत्यादि खेल की व्यवस्था की गयी है। निरीक्षण के दौरान कारागार परिसर में साफ-सफाई का उचित प्रबन्ध पाया गया।
निरीक्षण के दौरान दो बन्दियों द्वारा बताया गया कि उनकी जमानत हो चुकी है, परन्तु जमानत की शर्तों को पूरा न कर पाने के कारण कारागार में निरूद्ध है। इस सम्बन्ध में सचिव द्वारा लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल को निर्देशित किया गया कि वे इस प्रकरण में अविलम्ब आवश्यक कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। महिला बैरक में निरीक्षण के दौरान महिला बन्दी किरन द्वारा बताया गया कि उसके मुकदमें की पैरवी हेतु अधिवक्ता की आवश्यकता है, जिस पर जेल अधिकारी को निर्देशित किया गया कि वे अधिवक्ता हेतु पत्र प्रेषित करना सुनिश्चित करें। महिला बैरक में महिला बन्दियों के साथ तीन बच्चियों निवासित है, जिनके लिए पौष्टिक आहार व दूध तथा आवश्यक सामाग्री जिला कारागार द्वारा समय से उपलब्ध करायी जाती है।इस मौके पर सत्यप्रकाश जेल अधीक्षक, विजय कुमार पाण्डेय जेलर, गौरव सिंह डिप्टी जेलर, अजय कुमार डिप्टी जेलर, निर्भय सिंह डिप्टी जेलर उपस्थित रहे।



