Jabalpur news:तिलवारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 किलो गांजा जब्त
Jabalpur News: Tilwara Police takes major action, seizes 4 kg of marijuana
जबलपुर। नशा मुक्ति अभियान के तहत तिलवारा पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लम्हेटा बाईपास के पास से दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक गांजे की खेप लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 4 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा से तस्करी कर स्थानीय क्षेत्र में खपाने के लिए लाना बताया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश गोंड ठाकुर (28), निवासी क्रेशर बस्ती, तिलवारा और हिमांशु कश्यप (21), मूल निवासी सोनीपत हरियाणा, हाल निवासी क्रेशर बस्ती के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना तिलवारा में अपराध क्रमांक 366/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गांजा जब्त कर लिया है। कार्रवाई में उप निरीक्षक पी.एल. बंसल, एएसआई शैलेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक संतोष झारिया तथा आरक्षक शैलेंद्र पाटकर, देवा मिश्रा और दुर्गेश चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



