Azamgarh news :ग्रामीणों के बैंक खातों से धोखाधड़ी कर रकम निकालने का आरोप, जनसेवा केंद्र संचालक गिरफ्तार

ग्रामीणों के बैंक खातों से धोखाधड़ी कर रकम निकालने का आरोप, जनसेवा केंद्र संचालक गिरफ्तार

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में ग्रामीणों के बैंक खातों से कथित रूप से धोखाधड़ी कर रकम निकालने के मामले में साइबर सेल और थाना मेहनाजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 15,630 रुपये नकद, 18 एटीएम/क्रेडिट कार्ड, 13 बैंक पासबुक, चार आधार कार्ड समेत बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल कुमार (36) पुत्र सरभू राम, निवासी जमुनीपुर, थाना मेहनाजपुर, आजमगढ़ के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना मेहनाजपुर में मुकदमा अपराध संख्या 83/2026 के तहत बीएनएस की धारा 316(2), 336(3), 341(1), 317(2) और आईटी एक्ट की धारा 66(C) में मुकदमा दर्ज है।पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर को साइबर सेल को सहज जन सेवा केंद्र संचालक अनिल कुमार के खिलाफ ग्रामीणों के साथ साइबर फ्रॉड और बैंक खातों से धोखाधड़ी कर रकम निकालने की शिकायत मिली थी। जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण से आरोपी की लोकेशन का पता लगाया गया। इसके बाद साइबर सेल और मेहनाजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर उसे मोटरसाइकिल से घर की ओर जाते समय पकड़ लिया।तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 15,630 रुपये नकद, एक HP लैपटॉप, दो माइक्रो एटीएम मशीन, एक बायोमैट्रिक मशीन, एक USB GPS रिसीवर, तीन मोबाइल फोन, 18 एटीएम/क्रेडिट कार्ड, 13 बैंक पासबुक और चार आधार कार्ड बरामद किए। इसके अलावा एक कूटरचित प्रमाण पत्र, ग्राम पंचायत चाकीडीह के ग्राम प्रधान की मुहर तथा मुहर लगे तीन हस्ताक्षरित सादे कागज भी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।

ग्रामीणों के दस्तावेज अपने पास रखने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सहज जन सेवा केंद्र के संचालन के दौरान वह ग्रामीणों की बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज अपने पास रख लेता था। आरोप है कि इन्हीं दस्तावेजों का इस्तेमाल कर वह संबंधित बैंक खातों से रकम ट्रांसफर या निकालता था। पुलिस ने यह भी बताया कि ग्राम प्रधान की मुहर का कथित दुरुपयोग कर कूटरचित प्रमाण पत्र तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है।पुलिस अब बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की तकनीकी व फॉरेंसिक जांच करा रही है। संबंधित बैंक खातों और लेन-देन की भी विस्तृत जांच की जा रही है।

मोटरसाइकिल भी सीज

पुलिस के अनुसार, आरोपी जिस HF Deluxe मोटरसाइकिल से जा रहा था, उसके कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वाहन को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया। आरोपी को 20 सितंबर की रात 9:10 बजे नियमानुसार गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक रवि प्रकाश गौतम, हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश जायसवाल, कांस्टेबल श्याम कुमार व सत्येंद्र यादव तथा थाना मेहनाजपुर से उपनिरीक्षक दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल गुरुदयाल सिंह, हेड कांस्टेबल पवन कुमार सिंह और रिजर्व कांस्टेबल गौरव मणि शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button