Azamgarh news:पुलिसिया बंदिशों से नहीं दबेगी छात्रों की आवाज़: हाउस अरेस्ट के बाद अमर बहादुर यादव का तीखा हमला
Azamgarh News: Police restrictions will not suppress students' voices: Amar Bahadur Yadav launches a scathing attack after house arrest
आजमगढ़। श्री दुर्गा जी पी.जी. कॉलेज, चंडेश्वर में छात्र हितों और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आयोजित शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन से ठीक पहले पुलिस-प्रशासन द्वारा युवा नेता अमर बहादुर यादव को हाउस अरेस्ट कर लिया गया। डीएवी पीजी कॉलेज के पूर्व अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अमर बहादुर यादव के आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर उन्हें घर में ही नजरबंद कर दिया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई पर कड़ा ऐतराज जताते हुए छात्र नेता अमर बहादुर यादव ने कहा, प्रशासन मुझे चार दीवारों में कैद कर सकता है, लेकिन लाखों छात्रों के इंकलाबी विचारों को कैद नहीं किया जा सकता। प्रशासन की यह सोच भारी भूल है कि वे मुझे बंद करके आजमगढ़ के छात्रों की बुलंद आवाज को खामोश कर देंगे। छात्र नेता ने प्रशासन की मंशा और दोहरे रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ छात्र संघ के चुनावों को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया जाता है, वहीं दूसरी तरफ शिक्षक संघ के चुनाव निर्बाध रूप से कराए जा रहे हैं। यह सीधा-सीधा तानाशाही रवैया और छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन छात्र नेताओं का दमन करने पर उतारू हैं। घर में नजरबंद किए जाने के बावजूद अमर बहादुर यादव ने छात्रों के नाम संदेश जारी करते हुए कहा कि उनकी अनुपस्थिति को ही छात्र अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाएं। कहा कि पुलिस की लाठियां और पाबंदियां जितनी बढ़ेंगी, छात्रों का आंदोलन उतना ही प्रखर और मजबूत होगा। हमारी मांग है छात्र संघ चुनाव की तारीखों का तत्काल ऐलान किया जाए। छात्रों के लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों पर हमला बंद हो। छात्र नेताओं का पुलिसिया दमन और उत्पीड़न तुरंत रोका जाए। इस दौरान दिनेश यादव, रामवध यादव, आशुतोष रजत, राम प्यारे यादव, विवेक राय, हरिओम उपाध्याय आदि रहे।



