Azamgarh News:अतिरिक्त लेखपाल मंडलों का लेखपालों ने किया बहिष्कार
अतिरिक्त लेखपाल मंडलों का लेखपालों ने किया बहिष्कार
प्रेम प्रकाश दुबे की रिपोर्ट
निजामाबाद, आजमगढ़। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर तहसील निजामाबाद, जनपद आजमगढ़ के लेखपालों ने अतिरिक्त लेखपाल मंडलों के आवंटन एवं कार्यभार ग्रहण करने का बहिष्कार किया। संघ के आह्वान पर लेखपालों ने एकजुटता दिखाते हुए अतिरिक्त कार्यभार छोड़ दिया है ।
लेखपालों का कहना है कि पहले से ही राजस्व कार्यों, शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन, अभिलेखों के रख-रखाव तथा जनसामान्य से संबंधित कार्यों का दायित्व लेखपालों के ऊपर है। ऐसे में अतिरिक्त लेखपाल मंडलों का कार्यभार दिए जाने से कार्य का अतिरिक्त दबाव बढ़ेगा और कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपादित करने में कठिनाई उत्पन्न होगी।साथ ही सरकार द्वारा लेखपालों की वर्षों से लंबित जायज मांगों जैसे 2800 ग्रेड पे, वेतन विसंगति, ACP विसंगति, अंतर्मण्डलीय स्थानांतरण, आदि पर कोई कार्यवाही न किये जाने से भारी रोष है।लेखपालों के बहिष्कार से जनता का काम ठप हो गया है। लेखपालों ने स्पष्ट किया कि वे राजस्व विभाग के कार्यों को पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी से करते हैं, लेकिन अतिरिक्त कार्यभार से संबंधित समस्याओं के समाधान की आवश्यकता है।इस दौरान लेखपालों की एकजुटता और संघ के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। लेखपालों ने अपनी मांगों के समाधान की अपेक्षा शासन एवं विभागीय अधिकारियों से की है।
तहसील निजामाबाद के लेखपालों के इस सामूहिक बहिष्कार को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।



