Azamgarh News:विवेकानंद तिवारी के निधन पर स्वास्थ्य विभाग में शोक

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय

विवेकानंद तिवारी के निधन पर स्वास्थ्य विभाग में शोक

आजमगढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज/देवगांव में वरिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत श्री विवेकानंद तिवारी के आकस्मिक निधन से स्वास्थ्य विभाग में शोक की लहर है। मंगलवार की सुबह गोरखपुर में हृदयाघात से उनका निधन हो गया। उनके निधन की सूचना पर मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में शोकसभा आयोजित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।

श्री विवेकानंद तिवारी मूल रूप से जनपद महराजगंज के निवासी थे। वर्ष 2021 में उनका स्थानांतरण महराजगंज से आजमगढ़ हुआ था। आजमगढ़ में उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में विकलांग पटल सहायक के रूप में वर्ष 2024 तक कार्य किया। वर्ष 2024 में स्थानांतरण के बाद वे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज/देवगांव में वरिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत थे।

परिजनों के अनुसार दो दिन पूर्व उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। बाद में परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया और बेहतर उपचार के लिए गोरखपुर ले गए थे। मंगलवार की सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उनका निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर को पैतृक निवास ले जाने की तैयारी की जा रही है।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने श्री तिवारी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपने कार्य के प्रति निष्ठावान एवं जिम्मेदार कर्मचारी थे। उनका असामयिक निधन विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

शोकसभा में मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button