Jabalpur news:बग्गा होटल मालिक पर कर्मचारी से मारपीट का आरोप,एसी की किस्त के विवाद में कमरे में बंद कर पीटने का दावा
Jabalpur News: Bagga Hotel owner accused of assaulting employee, claims he was locked in a room and beaten over AC installment dispute

जबलपुर के मदनमहल एलआईसी के पास स्थित बग्गा होटल के मालिक पर एक कर्मचारी ने मारपीट और सामान छीनने का गंभीर आरोप लगाया है। रामपुर निवासी आकाश प्रजापति ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत में बताया कि वह होटल में हाउसकीपिंग का काम करता था। उसके अनुसार होटल मालिक तरणदीप सिंह बग्गा ने उसके नाम पर एसी फाइनेंस करवाया था और 16 किस्तें जमा करने के बाद 8 किस्तें करीब 2470 रुपये प्रतिमाह की शेष रह गईं। नौकरी से निकाले जाने के बाद फाइनेंस कंपनी की ओर से किस्तों के लिए दबाव आने लगा, जिसके चलते वह होटल में बात करने पहुंचा। आकाश का आरोप है कि वहां सोनू बग्गा सहित अन्य लोगों ने उसे कमरा नंबर 314 में ले जाकर मारपीट की और मोबाइल व हाथ की घड़ी छीनकर भगा दिया। उसने यह भी दावा किया कि होटल के अन्य कर्मचारियों गोलू और दीपक के साथ भी एसी फाइनेंस को लेकर ऐसी शिकायतें सामने आ चुकी हैं। मामले में पुलिस अधिकारी ने शिकायत को गढ़ा थाना भेजने की बात कही है। पुलिस होटल का सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी और संबंधित लोगों के बयान लेगी; आरोप सही पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



