Azamgarh News:चोरी के वाहन पार्ट्स बेचने की फिराक में दो युवक गिरफ्तार, सामान बरामद
आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय
चोरी के वाहन पार्ट्स बेचने की फिराक में दो युवक गिरफ्तार, सामान बरामद
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना पुलिस ने वाहन चोरी एवं अपराध की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान दो युवकों को चोरी के वाहन पार्ट्स के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोटरसाइकिल के पहिए, चेन-स्प्रोकेट, शॉकर, चेन कवर, बैट्री, प्लास्टिक फ्रेम, ब्रैकेट सहित अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक अक्षयदीप सिंह व उपनिरीक्षक संतोष पाठक पुलिस टीम के साथ जैगहा बाजार क्षेत्र में वाहन चेकिंग एवं संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक गुलवा गौरी नहर पुलिया के पास चोरी के सामान के साथ मौजूद हैं और मोटरसाइकिल के पार्ट्स अलग कर उन्हें बेचने की योजना बना रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम राजू यादव उर्फ भोला यादव पुत्र दिनेश यादव निवासी तुर्कपड़री, थाना बिलरियागंज तथा आकाश यादव पुत्र मिट्टू यादव निवासी नकीब खोजौली, थाना रौनापार बताया।
तलाशी के दौरान राजू के पास से मोटरसाइकिल का रिम सहित पहिया व टायर, चेन-स्प्रोकेट व चेन, शॉकर की जोड़ी, तीन पेचकस, लोहे की छेनी, मोबाइल और 300 रुपये बरामद हुए। वहीं आकाश के पास से मोटरसाइकिल का चेन कवर, मैट्रिक्स कंपनी की बैट्री, पिछले हिस्से का प्लास्टिक फ्रेम, दो प्लास्टिक ब्रैकेट, चार रिंच, प्लग रिंच, मोबाइल और 100 रुपये बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने वाहन के पहिए और पार्ट्स चोरी कर बेचने की बात स्वीकार की। मामले में थाना बिलरियागंज में मु0अ0सं0 238/26, धारा 313/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार राजू यादव के विरुद्ध बिलरियागंज व कप्तानगंज थाने में पूर्व के मुकदमे दर्ज हैं, जबकि आकाश यादव के विरुद्ध बरदह थाना में पूर्व का मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अक्षयदीप सिंह, उपनिरीक्षक संतोष पाठक, हेड कांस्टेबल गांधी यादव, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार, कांस्टेबल राकेश कुमार वर्मा, हेड कांस्टेबल जाविर एकबाल, कांस्टेबल रामबाबू यादव तथा कांस्टेबल सुमित राव शामिल रहे।



