मऊ के ख्यातिलब्ध समाजसेवी व पुरस्कृत शिक्षक डॉ. रामविलास भारती का दिल्ली में हार्ट अटैक से निधन,शोक व्याप्त
Mau's renowned social worker and award-winning teacher Dr. Ram Vilas Bharti dies of heart attack in Delhi, mourning prevails.
ब्यूरो प्रमुख मऊ, अशोक श्रीवास्तव
MauNews:घोसी।मऊ।शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले मऊ जिले के घोसी निवासी प्रसिद्ध समाजसेवी, योग्य शिक्षक एवं मृदुभाषी व्यक्तित्व के धनी डॉ. रामविलास भारती का दिल्ली में एक ट्रेनिंग के दौरान हृदय गति रुकने से असमय निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही जनपद और शिक्षा जगत् में शोक की लहर दौड़ गई है।
डॉ. रामविलास भारती अपनी उदारता, निष्ठा और अनोखी कार्यशैली के लिए जाने जाते थे। वह एक ऐसे समर्पित शिक्षक थे, जो अपने व्यक्तिगत वेतन का एक बड़ा हिस्सा विद्यालय के विकास में लगा देते थे। अपने पैसों से जुनियर हाइस्कूल धरौली विद्यालय में एक समृद्ध लाइब्रेरी की स्थापना करना और स्कूल परिसर को सुसज्जित व सुंदर बनाना उनकी प्राथमिकता में शामिल था।
शिक्षा के क्षेत्र में उनके इस अभूतपूर्व और उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें माननीय राज्यपाल और मुख्यमंत्री द्वारा राज्य स्तरीय पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका था। उनके विचार, विनम्र स्वभाव और शिक्षा के प्रति समर्पण हमेशा भावी पीढ़ियों और शिक्षक समुदाय के लिए प्रेरणा स्रोत बना रहेगा। श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों में अधिवक्ता सतीशकुमार पाण्डेय, उमाशंकर उपाध्याय, राजेंद्र यादव, वेदप्रकाश पाण्डेय, मनोज सोनकर, अरविन्द सिंह, पत्रकार अशोक श्रीवास्तव, अरविंद राय, रूपेन्द्र भारती, बन्ने खान, आफताब, अजहान, ऋषि राय, शिक्षक सुदर्शन कुमार, रामसिंह, आरके यादव, संजय, अमीरुद्दीन, आदि रहे।



