Azamgarh news :मंडल स्तरीय पोल्ट्री कॉन्क्लेव/कुक्कुट निवेश सम्मेलन 29 सितंबर को, मंडलायुक्त द्वारा किया जाएगा उद्घाटन

मंडल स्तरीय पोल्ट्री कॉन्क्लेव/कुक्कुट निवेश सम्मेलन 29 सितंबर को, मंडलायुक्त द्वारा किया जाएगा उद्घाटन

आजमगढ़ मंडल में पोल्ट्री क्षेत्र के विकास, आधुनिक प्रबंधन एवं निवेश की संभावनाओं पर होगा मंथन

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

उत्तर प्रदेश पशुपालन विभाग द्वारा प्रदेश के विभिन्न मंडलों में मंडल स्तरीय पोल्ट्री कॉन्क्लेव/कुक्कुट निवेश सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 29 सितंबर 2026 को आजमगढ़ मंडल में मंडलायुक्त सभागार, आजमगढ़ में मंडल स्तरीय पोल्ट्री कॉन्क्लेव/कुक्कुट निवेश सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य आजमगढ़ मंडल में पोल्ट्री क्षेत्र के विकास को गति प्रदान करना, आधुनिक पोल्ट्री प्रबंधन के प्रति पोल्ट्री किसानों एवं उद्यमियों को जागरूक करना तथा पोल्ट्री फार्मर्स एवं उद्यमियों की समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान के लिए आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।

कॉन्क्लेव में पोल्ट्री किसानों एवं उद्यमियों को बैंक ऋण, वित्तीय सहायता, उत्तर प्रदेश कुक्कुट विकास नीति-2022, वैज्ञानिक एवं आधुनिक पोल्ट्री प्रबंधन तथा पशुपालन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही सफल पोल्ट्री उद्यमियों को अपने अनुभव साझा करने का अवसर प्रदान किया जाएगा, जिससे अन्य किसान एवं उद्यमी पोल्ट्री क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं से परिचित होकर स्वरोजगार एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ सकें।

कार्यक्रम का उद्घाटन मंडलायुक्त आजमगढ़ मंडल विवेक (आईएएस) द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में डॉ. राजेंद्र प्रसाद, निदेशक, प्रशासन एवं विकास, लखनऊ, उत्तर प्रदेश; डॉ. अनिल कुमार, अपर निदेशक ग्रेड-1, कुक्कुट विकास, मुख्यालय, लखनऊ; डॉ. अश्विनी तिवारी, संयुक्त निदेशक, पोल्ट्री, लखनऊ तथा डॉ. बृजेश कुमार त्रिपाठी, उप निदेशक, पोल्ट्री, लखनऊ द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा।

यह कार्यक्रम डॉ. केपी सिंह, अपर निदेशक ग्रेड-2, आजमगढ़ मंडल, आजमगढ़ के निर्देशन में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में आजमगढ़ मंडल के समस्त मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एवं समस्त उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी भी प्रतिभाग करेंगे।

पशुपालन विभाग द्वारा पोल्ट्री क्षेत्र से जुड़े किसानों, उद्यमियों एवं संबंधित हितधारकों से कार्यक्रम में प्रतिभाग कर उपलब्ध योजनाओं, वित्तीय सहायता एवं आधुनिक तकनीकी जानकारी का लाभ उठाने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button