Azamgarh News:सत्येंद्र राय की गोल्डन जुबली पर उमड़ा जनसैलाब, सुंदरकांड पाठ के साथ मनाया गया 50वां जन्मदिन

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
सत्येंद्र राय की गोल्डन जुबली पर उमड़ा जनसैलाब, सुंदरकांड पाठ के साथ मनाया गया 50वां जन्मदिन
आजमगढ़ जनपद के महराजगंज कस्बा स्थित गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रत्याशी रहे सत्येंद्र राय का 50वां जन्मदिन (गोल्डन जुबली) सोमवार 28 सितंबर को महाराजगंज कस्बे स्थित सूर्य वाटिका हॉल में धूमधाम और भव्य तरीके से मनाया गया। जन्मदिन के अवसर पर शाम को धार्मिक कार्यक्रम के तहत सुंदरकांड का पाठ कराया गया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम और सहभोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही जन्मदिन की तैयारियां शुरू हो गई थीं। शाम होते-होते सूर्य वाटिका हॉल में लोगों की भीड़ जुटने लगी। सुंदरकांड पाठ के दौरान श्रद्धालुओं ने धार्मिक वातावरण में सहभागिता की। इसके उपरांत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने समारोह में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम के बाद आयोजित सहभोज में लोगों ने एक साथ भोजन किया।
सत्येंद्र राय के 50वें जन्मदिन को लेकर समर्थकों और शुभचिंतकों में खासा उत्साह देखने को मिला। समारोह के दौरान अलग-अलग स्थानों पर कई केक काटे गए। समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने केक काटकर एक-दूसरे को खिलाया तथा सत्येंद्र राय को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान बधाई देने वालों का सिलसिला चलता रहा।
समारोह में क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, वरिष्ठ भाजपा नेता घनश्याम सिंह पटेल, सूर्य प्रताप लाल श्रीवास्तव, सूरज राय, सोनू राय, प्रेम प्रकाश राय, गुलाब राय, आरपी राय, अखिलेश सिंह (बेंच ऑफ मजिस्ट्रेट), रामपाल सिंह, संतोष पासवान, रागिनी तिवारी, पूनम तिवारी सहित जनपद के भाजपा के पूर्व एवं वर्तमान जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, पूर्व मंडल अध्यक्ष, पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने सत्येंद्र राय के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। समर्थकों का कहना था कि 50 वर्ष का पड़ाव जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिसे सभी लोगों के साथ मिलकर यादगार बनाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कंधरापुर, बिलरियागंज और रौनापार थानों की पुलिस फोर्स सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही। पुलिसकर्मियों ने कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को संभाले रखा।
समारोह के दौरान धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामाजिक सहभागिता का संगम देखने को मिला। देर शाम तक सूर्य वाटिका हॉल में जन्मदिन समारोह की रौनक बनी रही।



