Azamgarh encounter:आजमगढ़ पुलिस की मुठभेड़ में अंतरजनपदीय चोर गिरोह के दो सदस्य पुलिस की गोली से घायल,गिरफ्तार

Azamgarh encounter: Two members of an inter-district gang of thieves were injured and arrested in an encounter with the Azamgarh police.

Azamgarh news,

आजमगढ़ 29 सितंबर(आर एन एस)तहबरपुर थाना पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार देर रात मुठभेड़ के दौरान अंतरजनपदीय चोर गिरोह के दो वांछित सदस्यों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। उनके कब्जे से दो देशी तमंचे .315 बोर, दो खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस और ₹15,250 नकद बरामद किए गए।पुलिस के मुताबिक, 28/29 सितंबर की रात तहबरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम चेकिंग और वांछित अभियुक्तों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में वांछित आरोपी करियाबर गांव के पास सर्विस लेन पर मौजूद हैं और किसी अन्य घटना की रेकी कर रहे हैं। सूचना पर थानाध्यक्ष आदित्य कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की।पुलिस का कहना है कि घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ नियंत्रित कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए। करीब 3:15 बजे दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए सीएचसी तहबरपुर भेजा गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलशाद पुत्र नसरूद्दीन, निवासी नगरिया कला, थाना फतेहगंज पूर्वी, जनपद बरेली, उम्र करीब 22 वर्ष तथा सोनू अली उर्फ असगर पुत्र शमशेर, निवासी बजेड़ा भगवानपुर, थाना जैतीपुर, जनपद शाहजहांपुर, उम्र करीब 27 वर्ष के रूप में हुई है।

कई जिलों में चोरी की वारदातों का आरोप

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने गिरोह के काम करने के तरीके के बारे में जानकारी दी। गिरोह के सदस्य हाईवे और एक्सप्रेस-वे के आसपास एसयूवी वाहन खड़ा कर नजदीकी गांवों में ऐसे मकानों की रेकी करते थे, जिन्हें आसानी से निशाना बनाया जा सके। इसके बाद रात में छत अथवा पीछे के रास्ते से घर में प्रवेश कर ताला काटने वाले उपकरणों की मदद से दरवाजे, बक्से और अलमारियों के ताले तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी करने का आरोप है।पुलिस के अनुसार चोरी के बाद गिरोह के सदस्य निर्धारित स्थान पर पहुंचते थे, जहां एसयूवी चालक उन्हें लेकर फरार हो जाता था। चोरी के सामान को बेचकर मिलने वाली रकम को आपस में बांट लिया जाता था। पूछताछ में आजमगढ़ के अलावा गाजीपुर, बलिया, जौनपुर और अंबेडकरनगर में भी चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात सामने आने का पुलिस ने दावा किया है।पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और बरामदगी के आधार पर तहबरपुर क्षेत्र की दो, बिलरियागंज क्षेत्र की दो और अंबेडकरनगर के जैतपुर थाना क्षेत्र की एक चोरी की घटना समेत कुल सात घटनाओं के अनावरण की बात सामने आई है।

पहले चार सदस्य हो चुके हैं गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, इसी गिरोह के चार अन्य सदस्यों-दिलकस, साहिल, वाजिद और फैजान—को 20 अगस्त 2026 को अहरौला और तहबरपुर थाना पुलिस की अलग-अलग मुठभेड़ों में गिरफ्तार किया गया था। उस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस, चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, ₹29,230 नकद, एक्सयूवी-500 वाहन, पांच मोबाइल फोन और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद करने का दावा किया था।पुलिस के अनुसार, वर्तमान कार्रवाई के बाद गिरोह के कुल छह सदस्य गिरफ्तार किए जा चुके हैं। वहीं मामले में आफताब पुत्र जाकिर, निवासी चौबारी, थाना सुभाषनगर, बरेली और नेसार पुत्र नसीर, निवासी नगरिया कला, थाना फतेहगंज पूर्वी, बरेली फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।

20 मुकदमों का आपराधिक इतिहास

पुलिस प्रेस-विज्ञप्ति के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अलीगढ़, आजमगढ़ और अंबेडकरनगर में चोरी, घर में घुसकर चोरी समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। दिलशाद के खिलाफ थाना इगलास, अलीगढ़ में वर्ष 2025 के छह मुकदमों के अलावा आजमगढ़ और अंबेडकरनगर में वर्ष 2026 के कई मामले दर्ज बताए गए हैं। सोनू अली के खिलाफ भी आजमगढ़ और अंबेडकरनगर में चोरी से संबंधित सात मुकदमों का उल्लेख पुलिस ने किया है।तहबरपुर पुलिस ने इस कार्रवाई के संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 114/2026 और 116/2026 में धारा 305, 331(4), 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई तथा मुकदमा अपराध संख्या 135/2026 में धारा 109(1) बीएनएस और 3/25/27 आर्म्स एक्ट के साथ धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की जानकारी दी है।मुठभेड़ और गिरफ्तारी की कार्रवाई में थानाध्यक्ष आदित्य कुमार सिंह, उपनिरीक्षक लोकेश मणि त्रिपाठी, उपनिरीक्षक सूर्य पाल समेत थाना तहबरपुर की पुलिस टीम शामिल रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button