जबलपुर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र में 5 लाख की लूट का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई
Accused of robbery of Rs 5 lakh arrested in Madhotal police station area of Jabalpur, police took major action.
जबलपुर के माढ़ोताल थाना अंतर्गत श्रीराम कॉलेज के छात्र अविनाश कुमार के साथ हुई 5 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक महोदय जबलपुर द्वारा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे, जिसके तहत माढ़ोताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के बाबा बरपानी निवासी आयुष उर्फ आयुष्मान राजपूत (पिता आशीष राजपूत) को दबोच लिया। आरोपी ने डरा-धमकाकर छात्र से 5 लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन के जरिए अन्य खातों में ट्रांसफर करवाए थे, जिस पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।
घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार ने बताया थाने की एक विशेष टीम जिसमें एएसआई तीरथ बागरी, एएसआई विजय शुक्ला, सचिन कुणाल, विनय, देवकीनंदन और राहुल शामिल थे, ने घेराबंदी कर आरोपी को उसके घर के पास से पकड़ा। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पर पहले भी तीन-चार अन्य अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



