Azamgarh News:जर्जर दीवार बनी काल, सभासद की छह वर्षीय बेटी की मौत
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
जर्जर दीवार बनी काल, सभासद की छह वर्षीय बेटी की मौत
तेज हवा और बारिश के बीच हुआ हादसा, एक अन्य बच्चा घायल
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के अन्नतपुरा-गुरुटोला मोहल्ले में सोमवार को तेज हवा और बारिश के दौरान जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में मलबे की चपेट में आने से सभासद मो. अफजल की छह वर्षीय बेटी अलीना की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चा घायल हो गया। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि सोमवार दोपहर करीब 3:40 बजे मो. अफजल के घर के सामने स्थित जर्जर दीवार के पास कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। अचानक कमजोर दीवार धराशायी हो गई और उसकी चपेट में अलीना आ गई। आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर बच्ची को बाहर निकाला और उपचार के लिए डॉक्टर के पास ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे में एक अन्य बच्चा भी घायल हुआ, जिसका उपचार कराया गया। अलीना की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना पर बदरका पुलिस के साथ तहसीलदार और कानूनगो भी मौके पर पहुंचे। प्रशासन की मौजूदगी में जेसीबी बुलाकर जर्जर दीवार के मलबे को हटाया गया। अधिकारियों ने घटना की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।



