Azamgarh News:मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को किया गया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को किया गया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
आजमगढ़ बिलरियागंज थाना क्षेत्र के नसीरपुर स्थित इंडियन पब्लिक स्कूल में मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं नारी स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए किसी भी विषम परिस्थिति में न घबराने और साहसपूर्वक अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक आकांक्षा पांडेय, महिला कांस्टेबल काजल सिंह एवं महिला कांस्टेबल कोमल ने छात्राओं को बताया कि महिला सुरक्षा के लिए 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित अन्य उपयोगी नंबरों की जानकारी होना आवश्यक है। इसके अलावा 108 एंबुलेंस, 102 मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवा तथा 101 अग्निशमन सेवा के बारे में भी बताया गया।
पुलिस टीम ने छात्राओं से संवाद कर उन्हें किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, साइबर अपराध या असुरक्षा की स्थिति में तुरंत सहायता लेने की सलाह दी। अभियान का उद्देश्य बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, आत्मविश्वास विकसित करना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना रहा।




